खबरवाणी
11 केवी बिजली लाइन पर गिरा विशालकाय पेड़, बिजली आपूर्ति ठप
खबरवाण न्यूज़ रफीक
सारनी। शनिवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और करीब 2 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान बिजली गिरने के बाद एक विशालकाय पेड़ शोभापुर कॉलोनी हाई स्कूल के सामने डब्ल्यूसीएल एवं बिजली वितरण विभाग की 11 केवी बिजली लाइन पर जा गिरा। पेड़ के गिरने से बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होकर नीचे आ गए, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई।
गनीमत रही कि पेड़ दोनों तरफ बने क्वार्टरों के बीच खाली स्थान पर गिरा। इसके चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और लोग सुरक्षित रहे। घटना में बिजली के खंभे एवं तारों को मामूली नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली वितरण विभाग के योगेश नागले सहित विभागीय अमला और डब्ल्यूसीएल की टीम मौके पर पहुंची तथा बिजली लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू किया। इस दौरान दोनों विभागों के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
विशाल पेड़ों से बनी रहती है दुर्घटना की आशंका
कॉलोनी क्षेत्र में बिजली के खंभों और लाइनों के आसपास कई स्थानों पर विशालकाय पेड़ एवं उनकी शाखाएं मौजूद हैं। पूर्व में भी पेड़ों की टहनियों के बिजली लाइनों के संपर्क में आने से बिजली आपूर्ति प्रभावित होती रही है। अचानक पेड़ या बड़ी शाखा गिरने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। रहवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि समय रहते बिजली लाइनों के आसपास खड़े पेड़ों की जांच कर उनकी खतरनाक शाखाओं की छंटाई कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से होने वाली परेशानी और दुर्घटना को रोका जा सके।




