खबरवाणी
बड़ाखारी स्कूल में गूंजा ‘हाथी घोड़ा पालकी…’; कान्हा बने बच्चों ने काटा केक तो अतिथियों ने बरसाए उपहार
आमला l जन्माष्टमी का पावन पर्व इस बार ग्रामीण अंचल के सरकारी स्कूलों में भी धूमधाम से मनाया गया। मौका था आमला विकासखंड के ग्राम बड़ाखारी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का, जहाँ नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण का जन्मदिन केक काटकर बेहद अनोखे अंदाज में मनाया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों की कलाकारी और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने इस आयोजन को शहर स्तर के कार्यक्रमों से भी भव्य बना दिया।
राधा-कृष्ण के रूपों से महका स्कूल परिसर
उत्सव के दौरान पूरा स्कूल परिसर भक्तिमय नजर आया। ज्यादातर छात्र-छात्राएं बाल कृष्ण और राधा रानी के स्वरूप में सजी पोशाक पहनकर स्कूल पहुंचे थे। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत अतिथियों द्वारा भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ की गई। इसके बाद जब बच्चों ने मिलकर विशाल केक काटा, तो पूरा विद्यालय परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।
समाजसेवियों ने उठाई जिम्मेदारी, बच्चों को मिली स्टेशनरी और खेल सामग्री
इस धार्मिक आयोजन को समाजसेवा का माध्यम बनाते हुए कई दिग्गज नेता और समाजसेवी आगे आए। नगरपालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आवश्यक स्टेशनरी सामग्री बांटी। वहीं, अधिवक्ता राजेंद्र उपाध्याय ने खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए बच्चों को खेल सामग्रियां भेंट कीं। दूसरी ओर, पार्षद राकेश शर्मा और आदिवासी नेता बिसराम उइके ने आंगनवाड़ी के नन्हें बच्चों को उपहार देकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
पंचायत की अनूठी पहल: स्कूल को मिलीं पंखों और ट्यूबलाइट की सौगात
ग्राम पंचायत की ओर से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश भी इस मंच से दिया गया। ‘शिक्षा संजीवनी अभियान’ के तहत ग्राम पंचायत की सरपंच सुखवंती इमारत उइके ने अपनी तरफ से शासकीय प्राथमिक शाला को पंखे और ट्यूबलाइट भेंट किए। स्कूल स्टाफ ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बच्चों को पढ़ाई के दौरान काफी सुविधा मिलेगी। इस दौरान स्कूल के शिक्षक शिवराम कुमरे, खातरकर और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रामप्यारी इवने विशेष रूप से मौजूद रहे।
शिक्षकों और कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान, उमड़ी भीड़
बच्चों के इस उत्साहवर्धन कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी नहीं भूला गया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए विद्यालय के शिक्षकों और आंगनवाड़ी सहायिकाओं को शॉल व श्रीफल से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सेवादल के जितेंद्र शर्मा ने बहुत ही आत्मीयता से किया। अंत में आभार ग्राम पंचायत जमदेहीखुर्द के सरपंच प्रतिनिधि इमारत उइके और शाला विकास समिति के अध्यक्ष कमल परते ने व्यक्त किया। इस सफल आयोजन में नपा उपाध्यक्ष किशोर माथनकर, सेवादल नगर अध्यक्ष आशु बर्डे, पूर्व जनपद सदस्य अनिल इवने, उपसरपंच रुकमेश उइके, तुलाराम यादव, राजू इवने, पत्रकार अनिल सोनपूरे, सचिव सरवन मर्सकोले, पूर्व सरपंच सायबु इवने, शिवराज यादव, नीरज उइके, सुभाष इवने, बंटी मरकाम, संपत काकोडिया, राजेश, मसू समेत भारी तादाद में ग्रामीणजन और महिलाएं मौजूद रहीं।





