खबरवाणी
नरेंद्र रघुवंशी ‘नरेश’ बने नरसिंहपुर जिला कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के अध्यक्ष, संगठन में हर्ष की लहर
नरसिंहपुर। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के उद्देश्य से नरेंद्र रघुवंशी (नरेश) को जिला नरसिंहपुर कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है।
यह नियुक्ति मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष श्री अविनाश भार्गव तथा कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजेन्द्र तिवारी की अनुमति से की गई है। इस मनोनयन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन.पी. प्रजापति, पूर्व विधायक संजय शर्मा, पूर्व विधायक सुनील जायसवाल एवं संगठन मंत्री दीवान शैलेन्द्र सिंह की विशेष अनुशंसा शामिल रही।
जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष अतुल चौरसिया ने नरेंद्र रघुवंशी को इस नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि रघुवंशी अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। वे कांग्रेस पार्टी की नीतियों और सेवादल की जनसेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को जिले में और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।
नरेंद्र रघुवंशी के मनोनयन पर जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।





