झापड़ी में तीन फेस बिजली की समस्या, दो-तीन दिन तक आपूर्ति रहती है बंद
सुखतवा फीडर से जुड़ा गांव, आटा चक्की सहित ग्रामीणों के काम प्रभावित; शाहपुर फीडर से जोड़ने की मांग
भौंरा । विकासखंड शाहपुर की ग्राम पंचायत झापड़ी में तीन फेस बिजली की अनियमित आपूर्ति से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में तीन फेस बिजली दो से तीन दिनों तक लगातार बंद रहती है। इसके बाद मुश्किल से एक-दो दिन आपूर्ति बहाल होती है और फिर दो-तीन दिनों के लिए बिजली बंद हो जाती है। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार झापड़ी गांव में बिजली की आपूर्ति सुखतवा फीडर से होती है। तीन फेस बिजली उपलब्ध नहीं होने का सीधा असर गांव में संचालित आटा चक्कियों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों को गेहूं पिसाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता है और कई बार बिजली आने का इंतजार करने के बावजूद काम नहीं हो पाता। इससे ग्रामीणों का समय और श्रम दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति में बार-बार होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है। ग्रामीण पप्पू यादव, रामेश्वर यादव और संजू यादव ने मांग की है कि झापड़ी गांव को सुखतवा फीडर से हटाकर शाहपुर फीडर से जोड़ा जाए, ताकि गांव में तीन फेस बिजली की आपूर्ति नियमित हो सके। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की जांच कराने तथा फीडर परिवर्तन की मांग पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि फीडर बदलने से समस्या का स्थायी समाधान संभव है तो इस दिशा में शीघ्र पहल की जानी चाहिए।





