खबरवाणी
शिकायतों के बावजूद नहीं हट पा रहा अतिक्रमण!
महीनों पहले एसडीएम को दिया आवेदन, कार्रवाई नहीं हुई तो अब कलेक्टर से शिकायत
बैतूल। आमला तहसील के ग्राम बम्हनी पंखा में मुलताई-बोरदेही मुख्य मार्ग पर स्थित शासकीय यात्री प्रतीक्षालय अतिक्रमण की जद में है। ग्रामीणों द्वारा महीनों पहले अनुविभागीय अधिकारी आमला को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। मामले को लेकर खबरें प्रकाशित होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने 2 सितंबर को कलेक्टर बैतूल से पुनः शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए शासकीय प्रतीक्षालय के हिस्से में कथित रूप से दुकानें संचालित की जा रही हैं। इसके चलते बस का इंतजार करने वाले यात्रियों को बैठने की पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतीक्षालय में शराबखोरी का भी आरोप
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रतीक्षालय परिसर में सुबह से शाम तक शराबखोरी और अभद्र भाषा के प्रयोग की स्थिति बनी रहती है। इससे यात्रियों और विशेषकर महिलाओं को असहजता का सामना करना पड़ता है। हालांकि इन आरोपों की प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एसडीएम के बाद अब कलेक्टर से गुहार
ग्रामीणों का कहना है कि पहले एसडीएम आमला को शिकायत देकर प्रतीक्षालय का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी। इसके बावजूद महीनों गुजरने के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आई। अब ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर मौके का निरीक्षण कराने और अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
सवाल—शिकायत के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं?
शासकीय राशि से निर्मित यात्री प्रतीक्षालय का उद्देश्य राहगीरों और यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराना है। ऐसे में यदि सार्वजनिक उपयोग की इस जगह पर अतिक्रमण है तो शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होना सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन मामले की जांच कर प्रतीक्षालय को अतिक्रमण मुक्त कराए और उसे पूरी तरह यात्रियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए।





