खबरवाणी
बानूर हाईस्कूल में कक्ष और बाउंड्रीवाल का होगा निर्माण, सतलोक आश्रम ने उठाया जिम्मा
बानूर। ग्राम पंचायत बानूर के हाईस्कूल में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए अब अलग कक्ष उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। साथ ही स्कूल परिसर में बाउंड्रीवाल का भी निर्माण किया जाएगा। यह निर्माण संत रामपाल महाराज की संस्था मुनींद्र धर्मार्थ ट्रस्ट के माध्यम से कराया जाएगा।
गौरतलब है कि ग्राम बानूर में हाईस्कूल की स्वीकृति कई वर्षों पूर्व हो चुकी है, लेकिन कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए अलग अध्ययन कक्ष उपलब्ध नहीं होने के कारण दोनों कक्षाएं माध्यमिक शाला के भवन में संचालित हो रही थीं। खास बात यह है कि बानूर हाईस्कूल का कक्षा 10वीं का बोर्ड परीक्षा परिणाम पिछले वर्षों में शत-प्रतिशत रहा है।
विद्यालय की भवन संबंधी समस्या को लेकर ग्राम की सरपंच धनश्री विशाल डोंगरे, समाजसेवी विशाल डोंगरे, सेवादार नत्थू धुर्वे, भगवानदास बड़ोदे, अन्नालाल पवार, रामप्रसाद गोहे सहित अन्य ग्रामीण उड़दन स्थित संत रामपाल महाराज के आश्रम पहुंचे। यहां आश्रम में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी लेने के बाद ग्रामीणों ने बानूर हाईस्कूल में कक्षों की कमी और स्कूल परिसर में बाउंड्रीवाल नहीं होने की समस्या प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से रखी।
ग्रामीणों की मांग पर आश्रम के प्रतिनिधि विष्णुदास साहू एवं मनोहर धोटे के माध्यम से समस्या संत रामपाल महाराज के समक्ष रखी गई। बताया गया कि संत रामपाल महाराज ने इसे पुनीत कार्य बताते हुए निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद संस्था मुनींद्र धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा शासन की आवश्यक प्रक्रियाओं की पूर्ति करते हुए निर्माण कार्य की शुरुआती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विद्यार्थियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
कक्ष निर्माण होने से हाईस्कूल की कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को अलग एवं व्यवस्थित अध्ययन सुविधा मिल सकेगी। वहीं बाउंड्रीवाल बनने से विद्यालय परिसर भी अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगा। ग्रामीणों और विद्यार्थियों के पालकों ने इस पहल के लिए संत रामपाल महाराज एवं संस्था का आभार व्यक्त किया है।





