खबरवाणी
🇮🇳 तिरंगे के रंग में रंगा बैतूल, एसपी वीरेन्द्र जैन के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा रैली
हर घर तिरंगा अभियान में पुलिस, विद्यार्थियों और जवानों ने दिया राष्ट्रभक्ति व एकता का संदेश
बैतूल। स्वतंत्रता दिवस के पहले बैतूल शहर बुधवार को देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के नेतृत्व में पुलिस ग्राउंड से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के जज्बे के साथ निकली रैली ने शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।
दोपहर 3:45 बजे पुलिस ग्राउंड से शुरू हुई रैली नेहरू पार्क, जिला चिकित्सालय, मुला पेट्रोल पंप, छत्रपति शिवाजी चौक और पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा होते हुए रक्षित केंद्र बैतूल पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ। रास्तेभर तिरंगा थामे पुलिस जवानों और विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।
🇮🇳 वर्दी के साथ हाथों में तिरंगा, दिखा देशभक्ति का जज्बा
रैली में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, NSS, स्काउट तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस जवानों के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता ने रैली को खास बना दिया। शहर की सड़कों पर लहराता तिरंगा और देशभक्ति का माहौल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे, एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी दिनेश आर्मो, डीएसपी दिनेश मर्सकोले, निरीक्षक आबिद अंसारी, गंज थाना प्रभारी नीरज पाल, यातायात प्रभारी/रक्षित निरीक्षक गजेंद्र केन, रक्षित निरीक्षक प्रदीप रघुवंशी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
एसपी बोले—तिरंगा हमारी आन, बान और शान
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस को पूरे गौरव और देशभक्ति की भावना के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है।
उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की।
राष्ट्रप्रेम के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश
तिरंगा रैली के माध्यम से पुलिस ने सिर्फ राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश ही नहीं दिया, बल्कि नागरिकों से अनुशासन, सामाजिक सद्भाव और जिम्मेदारी के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाने का आह्वान भी किया। एसपी वीरेन्द्र जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीरों के बलिदान को याद करने का अवसर देता है, जिनके त्याग से देश को आजादी मिली।
आइए, स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा फहराएं, तिरंगे का सम्मान करें और राष्ट्र की एकता, अखंडता व सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लें। 🇮🇳





