Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अर्चना चिटनिस की भेंट, निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, सड़कों के लिए बजट बढ़ाने, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और किसान हित से जुड़े विषयों पर हुई चर्चा

By
On:

खबरवाणी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अर्चना चिटनिस की भेंट, निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, सड़कों के लिए बजट बढ़ाने, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और किसान हित से जुड़े विषयों पर हुई चर्चा

बुरहानपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने भोपाल प्रवास के दौरान भेंट कर बुरहानपुर के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं किसान हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत उद्यानिकी फसलों का बीमा लागू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने, निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तिथि निश्चित कर आयोजन करने, बुरहानपुर विधानसभा की महत्वपूर्ण सड़कों को बजट में शामिल करने एवं सड़कों की मरम्मत के लिए बजट बढ़ाने, बुरहानपुर जिला चिकित्सालय को 200 से 300 बिस्तरीय करने, शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में उन्नयन करने तथा प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को प्रदान की गई राहत राशि सहित अन्य विषयों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर विशेष चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन के संबंध में विशेष रूप से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने योजना के अंतर्गत उद्यानिकी फसलों का बीमा लागू करने हेतु प्रचलित कार्यवाही में तेजी लाने का आग्रह किया, ताकि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर की कृषि अर्थव्यवस्था में उद्यानिकी फसलों, विशेषकर केले का महत्वपूर्ण स्थान है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। इसलिए उद्यानिकी फसलों को योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराना किसानों के हित में आवश्यक है।

बुरहानपुर में निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तिथि निश्चित कर आयोजन का आग्रह

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तिथि शीघ्र निश्चित कर बुरहानपुर में इसका आयोजन करने का आग्रह किया। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने बुरहानपुर प्रवास के दौरान बुरहानपुर में निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित किए जाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री से चर्चा कर कॉन्क्लेव की तैयारियों एवं आयोजन की आगामी कार्यवाही को गति देने का आग्रह किया। उन्होंने बुरहानपुर सहित संपूर्ण निमाड़ क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं, कृषि एवं उद्यानिकी आधारित उद्योगों, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, शुगर, एथेनॉल सहित अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने, उद्योगों के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

बुरहानपुर विधानसभा की सड़कों के लिए बजट बढ़ाने की मांग

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अवगत कराया कि बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र में गत कार्यकाल के दौरान सड़कों की कोई स्वीकृति नहीं हुई, जिसके कारण अनेक सड़कों की मरम्मत एवं उन्नयन की आवश्यकता बनी हुई है। उन्होंने बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की स्थिति को देखते हुए सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक उन्नयन कार्यों के लिए बजट में वृद्धि करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। साथ ही बुरहानपुर विधानसभा की महत्वपूर्ण सड़कों को बजट में शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क अधोसंरचना क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास की आधारभूत आवश्यकता है। सड़कों की मरम्मत एवं उन्नयन से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होगा तथा किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

जिला चिकित्सालय को 300 बिस्तरीय एवं शाहपुर सीएचसी को सिविल अस्पताल बनाने की मांग

भेंट के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बुरहानपुर जिला चिकित्सालय की क्षमता 200 बिस्तर से बढ़ाकर 300 बिस्तर किए जाने की मांग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि जिले की बढ़ती आबादी एवं स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए जिला चिकित्सालय की क्षमता में विस्तार आवश्यक है। इससे नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। श्रीमती चिटनिस ने शाहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में उन्नयन करने की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि शाहपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इस केंद्र पर निर्भर है। सिविल अस्पताल के रूप में उन्नयन होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और स्वास्थ्य अधोसंरचना उपलब्ध हो सकेगी।

8,115 किसानों को 107.72 करोड़ की राहत, किसानों की ओर से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का आभार

मई एवं जून 2026 में बेमौसम बारिश, आंधी एवं तूफान से प्रभावित बुरहानपुर जिले के 188 ग्रामों के 8,115 किसानों को 107 करोड़ 72 लाख 59 हजार की राहत राशि प्रदान की गई। इस राहत राशि के लिए श्रीमती अर्चना चिटनिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बुरहानपुर के किसानों की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया। प्राकृतिक आपदा से जिले में लगभग 8,963.54 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलें प्रभावित हुई थीं। श्रीमती चिटनिस ने प्रभावित गांवों एवं खेतों का दौरा कर किसानों से प्रत्यक्ष संवाद कर फसल क्षति के सर्वे कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर किसानों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित सर्वे कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप प्रभावित किसानों को राहत राशि उपलब्ध हुई। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि केला किसानों सहित सभी प्रभावित किसानों को प्रदान की गई यह राहत राशि संकट की घड़ी में सरकार की संवेदनशीलता और किसान हित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार है, जिन्होंने प्राकृतिक आपदा के समय किसानों को आर्थिक संबल प्रदान किया।

अन्य विकास कार्यों से भी कराया अवगत

भेंट के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बुरहानपुर विधानसभा एवं जिले में चल रहे तथा प्रस्तावित अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दी। उन्होंने अधोसंरचना, सिंचाई, सड़क, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से गति देने का आग्रह किया। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर के विकास एवं किसान हित के विषयों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तिथि निश्चित कर आयोजन, सड़कों की मरम्मत के लिए बजट में वृद्धि, उद्यानिकी फसलों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का शीघ्र लाभ तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे विषय बुरहानपुर के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News