Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

आमला: वार्ड क्रमांक 18 में पानी के लिए महिलाओं का फूटा गुस्सा, नगर परिषद कार्यालय का किया घेराव

By
On:

खबरवाणी

आमला: वार्ड क्रमांक 18 में पानी के लिए महिलाओं का फूटा गुस्सा, नगर परिषद कार्यालय का किया घेराव

आमला। नगर परिषद आमला की लचर जलापूर्ति व्यवस्था और दूषित पानी से त्रस्त होकर शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 18 की महिलाओं ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया। पिछले कई दिनों से चल रही अनियमित जलापूर्ति और दूषित पेयजल की समस्या का समाधान न होने से आक्रोशित महिलाओं ने नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।

 

खाली मटके फोड़कर जताया विरोध।

 

प्रदर्शन का नेतृत्व युवा नेत्री मुक्ता ढोलेकर ने किया। इस प्रदर्शन में शामिल 50 से अधिक महिलाओं ने नगर परिषद के खिलाफ अपना रोष व्यक्त करते हुए खाली मटके फोड़े। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें कई दिनों से या तो गंदा और बदबूदार पानी मिल रहा है या फिर जलापूर्ति हो ही नहीं रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

 

जनसुनवाई के बाद भी नहीं निकला समाधान।

 

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को आयोजित जनसुनवाई में उन्होंने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर इस समस्या से अवगत कराया था। उस समय जल आवर्धन योजना से जुड़े कर्मचारियों ने तत्काल जलापूर्ति शुरू की थी, लेकिन यह राहत केवल एक दिन की रही। अगले ही दिन से फिर स्थिति जस की तस हो गई, जिससे मजबूर होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

 

जल आवर्धन योजना पर उठे सवाल।

 

स्थानीय निवासियों ने करोड़ों की लागत वाली जल आवर्धन योजना की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि अब तक यह योजना विधिवत रूप से नगर परिषद को हैंडओवर नहीं की गई है और इसका संचालन तकनीकी अधिकारियों के बजाय एक ड्राइवर द्वारा किया जा रहा है, जो घोर लापरवाही है।

 

प्रशासन का पक्ष।

 

इस मामले में तहसीलदार, आमला श्रीमती ऋचा कौरव का कहना है कि उन्हें वार्ड 18 में पानी की समस्या की जानकारी मिली है। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) एवं जल प्रभारी को तत्काल निर्देश दे दिए हैं। वे मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं और जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी। वहीं, समाचार प्रकाशित करने से पूर्व जब CMO से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया वैसे भी सीएमओ फोन रिसीव करने में कोई रुचि नहीं लेते और कार्यालय पहुँचने पर भी वहाँ कोई जिम्मेदार अधिकारी उपलब्ध नहीं था।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, टैंकों की सफाई नहीं कराई गई और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया, तो आने वाले दिनों में वे और बड़ा जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगा।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News