खबरवाणी
सूअर पालन की आड़ में गोवंश वध का आरोप, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। नगर पालिका सरनी के वार्ड क्रमांक 1 पाटाखेडा में सूअर पालन की आड़ में लंबे समय से कथित रूप से गोवंश वध किए जाने का मामला सामने आया है। इस गंभीर मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाना सारणी पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए पूर्ण जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 निवासी सुभाष बींजाड़े द्वारा घर से थोड़ी दूरी पर अवैध अतिक्रमण कर सूअर पालन किया जा रहा था। आरोप है कि इसी आड़ में लंबे समय से गोवंश की हत्या कर उसका मांस सूअर एवं बकरे के मांस के साथ मिलाकर बेचा जा रहा था। बजरंग दल के कार्यकर्ता इस गतिविधि पर काफी समय से नजर बनाए हुए थे।
बताया जा रहा है कि विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री लल्लन यादव को बीती रात्रि इस संबंध में सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी जयपाल इनवाती को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जहां से गाय के बछड़े की खाल एवं अन्य अवशेष बरामद किए गए। मौके से सुभाष बींजाड़े को पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इस घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी सारणी को ज्ञापन सौंपते हुए कई मांगें रखीं। इनमें प्रमुख रूप से सुभाष बींजाड़े द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने, इस कार्य में संलिप्त अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई करने, आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई करने तथा उसके मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल और बैंक खातों के लेन-देन की गहन जांच करने की मांग शामिल है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला मंत्री लल्लन यादव, जिला सह मंत्री लक्ष्मीकांत पांडे, जिला उपाध्यक्ष मधु जगदेव, जिला बल उपासना प्रमुख विजय पटने, जिला सत्संग प्रमुख खेमराज झारखंडे, जिला गोरक्षा प्रमुख प्रदीप राठौर, जिला मंदिर अर्चक पुरोहित प्रमोद अतुलकर, प्रखंड संयोजक निशांत भंडारे, प्रखंड अध्यक्ष दीपक सूर्यवंशी, जय सिंदूर, राणा प्रताप सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोलू राजपूत, मंडल महामंत्री नन्हे सिंह, मंडल महामंत्री विनय मदने, समाजसेवी सनी चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में गौवंश प्रेमी उपस्थित रहे।
संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।





