खबरवाणी
संचालन-संधारण हेतु राशि नहीं मिलने पर जलावर्धन ठेका कंपनी ने पानी देने से किया इंकार, राशि जमा नहीं करने वालों के कटेंगे नल कनेक्शन
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। नगर पालिका क्षेत्र में जलावर्धन योजना के तहत पेयजल सप्लाई होती है। सुचारू सप्लाई और संचालन तथा संधारण के लिए जल उपभोक्ताओं से ही राशि वसूल की जाती है, लेकिन सारनी नगर पालिका क्षेत्र में जलावर्धन ठेका कंपनी को संचालन, संधारण के लिए राशि नहीं मिलने के कारण अब कंपनी ने पानी देने से इंकार कर दिया है। यही नहीं कंपनी ने राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने शुरू कर दिए हैं।
नगर पालिका क्षेत्र में लक्ष्मी इंजीनियरिंग प्रा. लि. कंपनी जलावर्धन योजना के तहत पेयजल सप्लाई का कार्य करती है। कंपनी ने हाल ही में नगर पालिका को पत्र लिखकर संचालन, संधारण हेतु राशि का अभाव होने का हवाला देते हुए पानी सप्लाई करने से इंकार कर दिया। दरअसल, कंपनी द्वारा जितने कनेक्शन किए गए हैं उनमें से कई लोगों ने कनेक्शन चार्ज जमा नहीं किया है। कई उपभोक्ता मासिक शुल्क जमा नहीं कर रहे हैं। कंपनी ने ऐसे कनेक्शनों को चिन्हित कर इन्हें विच्छेद करने का कार्य शुरू कर दिया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है जिन्होंने अभी तक कनेक्शन चार्ज जमा नहीं किया है वे जल्द से जल्द नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर कनेक्शन की कार्यवाही करें साथ ही नियमित रूप से नल कनेक्शन का मासिक शुल्क जमा कर होने वाली असुविधा से बचने की अपील की है।
वही वार्ड 1, 2, 3, 35 एवं 36 के उपभोक्ताओं को संपत्तिकर जमा करना अनिवार्य कर दिया है। नल कनेक्शन हेतु वार्ड 1, 2, 3, 35 एवं वार्ड 36 के ऐसे उपभोक्ता जिनकी संपत्ति पर नगर पालिका का कर अधिरोपित होता है उन्हें वित्तीय वर्ष 2026-27 तक का संपूर्ण संपत्तिकर जमा करना अनिवार्य है। कनेक्शन हेतु आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, समग्र आई. डी., संपत्तिकर की रसीद की छायाप्रति अनिवार्य है।




