खबरवाणी
जनजातीय छात्रावासों में आयोग सदस्य का औचक निरीक्षण, कमियां मिलने पर अधीक्षकों को लगाई फटकार
भौंरा में लोगों के घर पहुंचकर सुनी समस्याएं, छात्रावास में रोटी मशीन चलवाकर देखी
भौंरा । मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगलसिंह धुर्वे ने बुधवार को शाहपुर विकासखंड के एक दिवसीय प्रवास के दौरान ग्राम भौंरा का भ्रमण किया तथा जनजातीय छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कुछ छोटी-छोटी कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित छात्रावास अधीक्षकों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कमियों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री धुर्वे सुबह अपने निवास रामपुर रैय्यत से ग्राम भौंरा पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक के निवास पर पहुंचने के बाद नगर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मोहल्लों में लोगों के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं तथा स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।दोपहर बाद उन्होंने विकासखंड शाहपुर अंतर्गत संचालित सीनियर कन्या छात्रावास भौंरा, सीनियर बालक छात्रावास भौंरा, आदिवासी कन्या आश्रम भौंरा तथा आदिवासी बालक आश्रम धार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावासों में साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, पेयजल, विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। कुछ स्थानों पर छोटी कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधीक्षकों को मौके पर ही फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयोग सदस्य श्री धुर्वे ने सीनियर बालक छात्रावास भौंरा में स्थापित रोटी मशीन भी चालू कराकर उसकी कार्यप्रणाली देखी। उन्होंने मशीन के नियमित संचालन और विद्यार्थियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। आयोग सदस्य ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, छात्रावास की सुविधाओं तथा अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।इस दौरान संबंधित छात्रावास अधीक्षक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। दौरे के दौरान सरपंच मीरा धुर्वे, जनपद सदस्य सुधीर नायक, जय किशोर मिश्रा, अशोक नायक, पप्पू यादव, राधेश्याम यादव,मोहित अग्रवाल, दिलीप माधव, मेलाराम यादव,महादेव मर्सकोले, सोनू सलूजा, संस्कार मालवीय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






