Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

54.13 करोड़ की लागत के सिंधीबस्ती से लोनी सीमा तक मार्ग निर्माण पर अर्चना चिटनिस का सख्त रुख, गुणवत्ता, यातायात प्रबंधन और समय-सीमा पर दिए कड़े निर्देश

By
On:

खबरवाणी

54.13 करोड़ की लागत के सिंधीबस्ती से लोनी सीमा तक मार्ग निर्माण पर अर्चना चिटनिस का सख्त रुख, गुणवत्ता, यातायात प्रबंधन और समय-सीमा पर दिए कड़े निर्देश

बुरहानपुर। बुरहानपुर जिले की यातायात व्यवस्था को नई गति देने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना को लेकर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने कड़ा रुख अपनाते हुए बुरहानपुर के सिंधीबस्ती से लोनी स्थित मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र सीमा तक 54.13 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले 8.65 किलोमीटर लंबे सीमेंट कांक्रीट मार्ग का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों, निर्माण एजेंसी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती चिटनिस ने निर्माण कार्य की प्रगति, तकनीकी गुणवत्ता, सामग्री के उपयोग एवं सुरक्षा मानकों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कार्य की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्माण कार्य में आने वाली प्रत्येक प्रशासनिक एवं तकनीकी बाधा का तत्काल निराकरण करें। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर से महाराष्ट्र को जोड़ने वाला यह मार्ग क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, कृषि, शिक्षा एवं आम नागरिकों की आवाजाही के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण में बाधा बन रहे सभी विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर एवं विद्युत तारों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्थानांतरण किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग एवं निर्माण एजेंसी समन्वय स्थापित कर यह कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करें, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी अवरोध के तेज गति से आगे बढ़ सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर से होकर गुजरने वाले इस मार्ग का निर्माण कार्य तब तक प्रारंभ न किया जाए, जब तक शनवारा से गणपतिनाका तक निर्माणाधीन मार्ग का कार्य पूर्ण नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि दोनों प्रमुख मार्गों पर एक साथ निर्माण कार्य शुरू होने से शहरवासियों को अनावश्यक यातायात बाधा और असुविधा का सामना करना पड़ सकता है

इस हेतु लोनी-बहादरपुर से टैक्समो पाईप फैक्ट्री तक निर्माण कार्य तेजी से करें। साथ ही कार्यों का चरणबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाए।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने निर्माण अवधि के दौरान सुदृढ़ यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि कार्य प्रारंभ होने से पहले प्रभावी डायवर्जन प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बहादरपुर से हतनूर की ओर तथा कलेक्टर कार्यालय से हतनूर की ओर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो और यातायात सुचारु बना रहे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड, रात्रिकालीन रिफ्लेक्टर, सुरक्षा व्यवस्था एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर विशेष बल देते हुए श्रीमती चिटनिस ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के साथ-साथ आवश्यक स्थानों पर ड्रेनेज पाइप लाइन भी डाली जाए, जिससे वर्षा ऋतु में पानी का सुचारु निकास हो सके।
श्रीमती चिटनिस ने बताया कि उनके सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप बुरहानपुर के सिंधीबस्ती से लोनी स्थित मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र सीमा तक 8.65 किलोमीटर सीमेंट कांक्रीट मार्ग निर्माण के लिए 54.13 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2024 में प्रारंभिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार होने के बाद 54.13 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई, जिसके आधार पर अब निर्माण कार्य प्रगति पर है। परियोजना के अंतर्गत सिंधीबस्ती से कलेक्टर कार्यालय तक 14 मीटर चौड़ा फोरलेन मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय से लोनी स्थित मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र सीमा तक 7 मीटर चौड़ा टू-लेन सीमेंट कांक्रीट मार्ग, तीन प्रमुख पुलियाओं का नवीन निर्माण, कुल 11 पुलियाओं का निर्माण, एक पुलिया का सुधार कार्य तथा चार नए बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण किया जाएगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद बुरहानपुर और महाराष्ट्र के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक होगा। साथ ही वर्षाकाल में संपर्क बाधित होने की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।
समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन यंत्री रविन्द्र वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी अविनाश सोनी, एसडीएम श्रीमती पल्लवी पौराणिक, तहसीलदार, विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री के.एस. मालवीय, यातायात सूबेदार राजेश बड़वाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गजानन महाजन, बलराज नावानी, नरहरी दीक्षित, प्रभाकर चौधरी, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, आशीष शुक्ला, अनिल विस्पुते, गौरव शुक्ला, रितेश सरोदे, गौरव शिवहरे, योगेश महाजन, दुर्गेश शर्मा, रुद्रेश्वर एंडोले, राजकुमार वाघ, दीपक महाजन, संतोष गवई, उमेश देवस्कर, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News