खबरवाणी
सिविल अस्पताल शाहपुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का दिया संदेश
शाहपुर। “सेफ क्लिक–2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतिम दिवस (15वें दिन) बुधवार को थाना शाहपुर पुलिस द्वारा सिविल अस्पताल शाहपुर में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, स्टाफ एवं उपस्थित नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के प्रभावी उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक सोनम साहू ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी ओटीपी फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन, फर्जी लोन ऑफर और केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या व्यक्तिगत दस्तावेज साझा नहीं करने की अपील की। कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. शिवकुमार रघुवंशी, अस्पताल स्टाफ, महिला आरक्षक मनीषा एवं सैनिक रमेश कुमरे उपस्थित रहे। इस दौरान लगभग 50 लोगों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने तथा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने कहा कि समय पर शिकायत करने से साइबर ठगी की राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।





