खबरवाणी
नगर में वार्डो का परिसीमन कर बढ़ाई जाए वार्डो की संख्या
एल्डरमेनो ने जनसुनवाई में सौपा ज्ञापन
मुलताई। नगर में स्थित वार्डो का परिसीमन कर बड़े वार्डो को काटकर वार्डो की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष उपाध्यक्ष कीर्ति यादव एवं एल्डरमेनो ने जनसुनवाई में कलेक्टर को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौपा है। मुलताई नगरपालिका के अंतर्गत 15 वार्ड आते हैं। वर्तमान में कुछ वाडों का आकार और जनसंख्या करीब 2800 से 3000 तक पहुँच गई है। इतनी बड़ी आबादी होने के कारण इन वार्डों में मूलभूत विकास कार्य, स्वच्छता व्यवस्था और शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन सुचारू रूप से होने में कठिनाई आ रही है।नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ प्रदान करने के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि इन बड़े वाडों का पुनः परिसीमन किया जाए और जनसंख्या के संतुलन के आधार पर वार्डो की संख्या बढ़ाई जाए।
वहीं स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, पूर्व में जिस वार्ड को परिवर्तित गया है, उसे जैसा पहले था वैसा ही रखा जाए,जिससे स्थानीय निवासियों को किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या व्यावहारिक परेशानी का सामना न करना पड़े।ज्ञापन देने के दौरान एल्डरमेन राजू चौबे, प्रीतम सिसोदिया,नीलेश चावरिया,रुपेश उपस्थित थे।
मटन मार्केट का स्थान परिवर्तन की मांग
एल्डरमेनो द्वारा सौपे गए दूसरे ज्ञापन में मटन मार्केट का स्थान परिवर्तन करने की मांग की है।एल्डरमेन राजू चौबे ने बताया मुलताई पवित्र नगरी घोषित की गईं है, जिसका प्रकाशन राजपत्र में भी हो चूका है, पवित्र नगरी में कुछ वार्ड को छोड़ दिया गया है, जिससे कुछ लोग उस क्षेत्र को अपवित्र कहते है, जबकि मटन मार्केट के पास प्राचीन नागदेव मंदिर एवं हनुमान मंदिर है,मटन मार्केट के कारण क्षेत्र में बदबू आती है, वहीं लोगो की आस्था को भी ठेस पहुँचती है, जिसके चलते मटन मार्केट को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।





