खबरवाणी
अर्चना चिटनिस के सतत प्रयासों से जिला चिकित्सालय में हाई-टेक आईसीयू का शुभारंभ, स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती
बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) द्वारा जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार एवं मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शासकीय जिला चिकित्सालय में 5 बिस्तरीय अत्याधुनिक आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) का संचालन प्रारंभ हो गया है, जिससे जिले के गंभीर एवं अति गंभीर मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर ही उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
श्रीमती चिटनिस ने विगत दिनों जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों एवं चिकित्सकों की बैठक लेकर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के विस्तार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, गंभीर मरीजों के उपचार की बेहतर व्यवस्था तथा मरीजों एवं उनके परिजनों को होने वाली समस्याओं के त्वरित निराकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए थे। उन्होंने अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया था। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक आईसीयू की सुविधा प्रारंभ हुई है। आईसीयू में वेंटिलेटर, हाई-फ्लो ऑक्सीजन सिस्टम, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, इन्फ्यूजन पंप, डिफिब्रिलेटर, पोर्टेबल एक्स-रे मशीन सहित विभिन्न आधुनिक जीवनरक्षक उपकरण स्थापित किए गए हैं। साथ ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ एवं 24 घंटे आरएमओ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जिला चिकित्सालय को दो एम.डी. मेडिसिन विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. तबरेज शेख एवं डॉ. इकराम-उल-हक की सेवाएं भी प्राप्त हुई हैं। इनके पदस्थापन से गंभीर मरीजों के उपचार को नई मजबूती मिलेगी तथा मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श एवं उपचार के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी। अस्पताल प्रशासन द्वारा 24 घंटे ऑन-कॉल एम.डी. मेडिसिन विशेषज्ञों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। जिला चिकित्सालय में आईसीयू की शुरुआत एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आगे भी अस्पताल में आवश्यक संसाधनों एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि जिले के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार अपने ही शहर में उपलब्ध हो सके।
जिले के नागरिकों ने जिला चिकित्सालय में प्रारंभ हुई इस नई सुविधा का स्वागत करते हुए इसे स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।






