खबरवाणी
मालवाहक गाड़ियों में ठूंस-ठूंसकर भर रहे यात्री, बड़ा हादसा होने का खतरा
खबरवाणी न्यूज़ – रफीक
सारनी। क्षेत्र में इन दिनों मालवाहक वाहनों में सवारियां भरकर ले जाने का खतरनाक चलन तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। हाल ही में बगडोना क्षेत्र में ऐसा ही मामला सामने आया, जहां बाहर से आई एक पिकअप वाहन तकनीकी खराबी के कारण गैराज में खड़ी थी। इस दौरान वाहन में लगभग 20 से 22 लोगों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था।
वाहन के सुधरने के बाद ये लोग उसी पिकअप में सफर कर रहे थे और बीच रास्ते बगड़ोना हवाई पट्टी के पास चाय-नाश्ते के लिए रुके। देखा गया कि इस तरह से भरे हुए वाहन अक्सर घाट क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं, जहां सड़कें संकरी और खतरनाक होती हैं। ऐसे में जरा सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
गौरतलब है कि पूर्व में धार जिले में भी इसी तरह मालवाहक वाहन में सवारियों को भरकर ले जाया जा रहा था, जिसमें दुर्घटना होने से कई लोगों की जान चली गई थी। इसके बावजूद लोग और वाहन मालिक इस तरह की घटनाओं से सबक लेते नजर नहीं आ रहे हैं।
प्रशासन द्वारा समय-समय पर सख्ती के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर नियमों की अनदेखी जारी है। जरूरत है कि पुलिस और परिवहन विभाग ऐसे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करें।





