खबरवाणी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्र सेवा के गौरवपूर्ण 12 वर्षों पर श्री स्वामीनारायण मंदिर में विशेष महाभिषेक, अर्चना चिटनिस ने की 51 लाख की घोषणा
बुरहानपुर। यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने तथा प्रधानमंत्री पद पर 4,399 दिन का कार्यकाल पूरा कर भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक समय तक सेवा देने का नया कीर्तिमान स्थापित करने के उपलक्ष्य में बुरहानपुर के सीलमपुरा स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर में भव्य महाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने भगवान लक्ष्मीनारायण देव एवं हरिकृष्ण महाराज का विधि-विधान से अभिषेक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर मंदिर के पुजारियों का सम्मान भी किया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से संवाद कर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में हुए व्यापक परिवर्तन, विकास यात्रा और जनकल्याणकारी उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपने नेतृत्व, दूरदर्शिता और अथक परिश्रम से भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने केवल देश के विकास को गति नहीं दी, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास से लेकर अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा तक, अनेक ऐसे कार्य हुए हैं जिन्होंने करोड़ों देशवासियों के आत्मगौरव को सशक्त किया है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि स्वामीनारायण मंदिर जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र केवल पूजा-अर्चना के स्थान नहीं हैं, बल्कि वे समाज में संस्कार, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। आज इस पवित्र परिसर में उपस्थित होकर एक विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मीयता का अनुभव होता है। हमारी सनातन संस्कृति ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है, जिसने अनेक चुनौतियों के बावजूद राष्ट्र को सदैव एकजुट और सशक्त बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी भावना से प्रेरित होकर स्वामीनारायण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार, आवश्यक निर्माण कार्यों तथा परिसर के समग्र विकास, मंदिर परिसर में प्रस्तावित संत निवास एवं सभा मंडप निर्माण के लिए वे विधायक विशेष निधि से 51 लाख रुपए की प्रदान करने की घोषणा करती हैं। श्रीमती चिटनिस ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग, श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से यह मंदिर परिसर आने वाले समय में और अधिक भव्य, दिव्य एवं आकर्षक स्वरूप धारण करेगा। उन्होंने कहा कि जनता जनार्दन और भक्तों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है तथा समाज, संस्कृति और राष्ट्र के उत्थान के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। अंत में उन्होंने भगवान स्वामीनारायण से प्रदेश, देश एवं समस्त समाज के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पी.पी. स्वामी जी ने कहा कि समाजजनों अथवा मंदिर के विकास से जुड़े किसी भी कार्य के लिए जब भी श्रीमती अर्चना चिटनिस से संपर्क किया गया, उन्होंने सदैव सकारात्मक सहयोग प्रदान किया तथा समय-समय पर स्वयं संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया। इस पर श्रीमती चिटनिस ने विनम्रता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव सेतु निर्माण में गिलहरी के समान रहा है और वे जो भी कार्य कर पा रही हैं, वह समाजजनों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने सभी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
मंदिर के महंत एवं कोठारी पी.पी. स्वामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्र के विकास और जनकल्याण के लिए ईश्वर की कृपा सदैव उन पर बनी रहे। वहीं शास्त्री चिंतनप्रियदासजी स्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई दिशा प्रदान करते हुए विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं तथा उनके नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र की समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की गई। उपस्थित जनसमूह ने विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और समृद्ध भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराते हुए देश की प्रगति और जनकल्याण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, जिला महामंत्री चिंतामन महाजन, ईश्वर चौहान, वीरेंद्र तिवारी, कैलाश पारिक, बलराज नवानी, अशोक महाजन, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, हेमंत महाजन, किशोर राठौड़, अरुण सूर्यवंशी, प्रदीप कसेरा, प्रकाश लाड, मुकेश पूर्वे, विजय राठौड़, रुद्रेश्वर एंडोले, चिंटू राठौर, अक्षय मोरे, आकाश राखुंडे, श्रीमती सावित्री बत्रा, भरत रावल, कृष्णा शाह, गजेन्द्र वर्मा एवं श्रीमती अंजलि गढ़े सहित बड़ी संख्या में श्री स्वामीनारायण संप्रदाय के हरि भक्त, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






