Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

मुख्य सड़क पर निर्माण सामग्री का अतिक्रमण, तहसील मार्ग पर बढ़ा हादसों का खतरा

By
On:

खबरवाणी

मुख्य सड़क पर निर्माण सामग्री का अतिक्रमण, तहसील मार्ग पर बढ़ा हादसों का खतरा

नागरिकों की शिकायत पर एसडीएम बड़ोनिया सख्त, नपा सीएमओ को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

आमला। शहर के व्यस्त तहसील कार्यालय मार्ग पर भवन निर्माण सामग्री का खुलेआम भंडारण किए जाने से आम नागरिकों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया है। तहसील कार्यालय के समीप जम्बाड़ा सड़क मार्ग पर स्थित जय बाबा मेडिकल के संचालक सुनील पुंडे द्वारा दुकान एवं भवन निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण के लिए उपयोग में लाई जा रही रेत, गिट्टी और अन्य सामग्री बिना किसी अनुमति के मुख्य सड़क पर ही डाल दी गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मार्ग वायुसेना क्षेत्र से जुड़ा प्रमुख आवागमन मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग, दोपहिया वाहन, चारपहिया वाहन तथा शासकीय कर्मचारी गुजरते हैं। सड़क पर निर्माण सामग्री फैला दिए जाने से मार्ग सकरा हो गया है, जिससे वाहन चालकों को निकलने में भारी परेशानी हो रही है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
राहगीरों के अनुसार सड़क किनारे रेत-गिट्टी के ढेर होने से न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि मोड़ पर दृश्यता कम होने से अचानक वाहन फिसलने या टकराने की संभावना भी बढ़ गई है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि बिना नगर पालिका अनुमति के सार्वजनिक सड़क का इस तरह उपयोग किया जाना सीधा अतिक्रमण है, लेकिन अब तक जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मामले को लेकर नागरिकों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शैलेन्द्र बड़ोनिया को शिकायत सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम बड़ोनिया ने नगर पालिका परिषद आमला के सीएमओ नितिन बिंजवे को मौके पर जांच कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा है कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार की निर्माण सामग्री डालकर यातायात बाधित करना नियम विरुद्ध है और इससे जनहानि की संभावना बनती है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ हटाने की कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क से निर्माण सामग्री नहीं हटाई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस शिकायत पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News