खबरवाणी
आमला। रेलवे टेलीकॉम ऑफिस में केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश; आरपीएफ ने 3 आरोपियों को भेजा जेल
5 दिन की रिमांड के बाद हुआ बड़ा खुलासा, 53 हजार का माल बरामद, चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी भी गिरफ्त में
आमला। स्थानीय रेलवे टेलीकॉम ऑफिस परिसर से सिग्नल केबल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का आमला आरपीएफ ने भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मनोज कुमार के निर्देशन में चली इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन मुख्य चोरों सहित चोरी का माल खरीदने वाले रिसीवरों को भी दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों को रिमांड अवधि खत्म होने के बाद भोपाल जेल भेज दिया गया है।
आरपीएफ थाना प्रभारी संदिधो से कड़ी पूछताछ के बाद हुआ खुलासा
आरपीएफ थाना प्रभारी हरिमोहन निरंजन ने बताया कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत टेलीकॉम ऑफिस से केबल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आरपीएफ की टीम ने रेलवे परिसर और आसपास के संदिग्ध इलाकों में कड़ी निगरानी रखी। 5 दिनों की गहन छानबीन और संदिग्धों से पूछताछ के बाद टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी।
भीमनगर के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने कब्रिस्तान मोहल्ला भीमनगर (बोड़खी) निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में सेराज खान (42), अरबाज खान (24) और सलीम खान (36) शामिल हैं। पूछताछ में इन्होंने अपने एक अन्य साथी समीर खान (24) का नाम भी उगला। इन आरोपियों ने रेलवे परिसर से कीमती सिग्नल केबल पार की थी, जिससे रेलवे के संचार तंत्र को नुकसान पहुँच सकता था।
कबाड़ियों पर भी कसा शिकंजा
आरपीएफ ने न सिर्फ चोरों को पकड़ा, बल्कि चोरी का माल खरीदने वाले ‘रिसीवर’ रवि खरे और श्याम झराने को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 53,000 रुपये कीमत की चोरी की रेल संपत्ति बरामद की है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट से 5 दिन की रिमांड पर लिया गया था, जिसमें गिरोह के काम करने के तरीके का पता चला। फिलहाल तीनों मुख्य आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।





