खबरवाणी
अंबेडकर जयंती पर निशुल्क एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ,
मानवता की मिसाल बने पंचू खान
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी । भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर शहर में सेवा, समर्पण और मानवता की प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। इस अवसर पर जरूरतमंदों के लिए एक निःशुल्क एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया।
स्वर्गीय शेख मुजीब बब्बू भाई की पावन स्मृति में उनके पुत्र शेख जावेद उर्फ पप्पू एवं बहू कांग्रेस पार्षद इशरत बी. ने “खिदमत ए खलक वेलफेयर सोसायटी” के माध्यम से यह चिकित्सा वाहन शहरवासियों को समर्पित किया। यह एंबुलेंस जरूरतमंद मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
परिवार ने बताया कि उनके पिता ने कठिन परिस्थितियों में हाथ ठेले पर केले बेचकर परिवार का पालन-पोषण किया और बच्चों को संस्कार दिए। स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में उनके निधन ने परिवार को गहराई से प्रभावित किया, जिसके चलते उन्होंने समाज के लिए यह सेवा शुरू करने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखदेव पांसे ने कहा कि “कमाना तो बहुत लोग जानते हैं, लेकिन मानवता के लिए अपनी कमाई खर्च करना हर किसी के बस की बात नहीं है।” उन्होंने परिवार के इस कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस दौरान कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह पहल न केवल चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करेगी।






