खबरवाणी
आमला ।दिन की छुट्टी के बाद खुला बैंक, सर्वर ने दिया दगा; खाली हाथ लौटे सैकड़ों ग्राहक
पंजाब नेशनल बैंक में सुबह से लगी रही कतारें, तकनीकी खराबी से काम ठप होने पर भड़के लोग; प्रबंधन के खिलाफ जताया भारी आक्रोश
आमला | चार दिनों के लंबे अंतराल के बाद मंगलवार को जब पंजाब नेशनल बैंक की शाखा खुली, तो उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उम्मीद थी कि अटके हुए काम पूरे होंगे, लेकिन बैंक का सर्वर ‘बैठने’ से उम्मीदों पर पानी फिर गया। सुबह से ही लेन-देन के लिए कतारों में लगे दर्जनों ग्राहकों को तकनीकी खराजी के कारण बैरंग लौटना पड़ा, जिससे बैंक परिसर में भारी गहमागहमी और आक्रोश की स्थिति बनी रही।
सर्वर डाउन होने से सुबह से ही बैंकों के कार्य हुए प्रभाव
शाखा खुलते ही जमा-निकासी और पासबुक अपडेट कराने वालों का तांता लग गया था। कुछ ही देर में सर्वर डाउन होने से कंप्यूटर स्क्रीनें ठप हो गईं। बैंक कर्मचारी असहाय नजर आए और दोपहर तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ। घंटों इंतजार के बाद जब काम नहीं हुआ, तो ग्राहकों का धैर्य जवाब दे गया।
उपभोक्ताओं का आरोप: प्रबंधन की लापरवाही
परेशान ग्राहकों का कहना था कि चार दिन की छुट्टी के बाद बैंक प्रबंधन को तकनीकी व्यवस्थाएं पहले ही दुरुस्त कर लेनी चाहिए थी। ग्रामीण क्षेत्रों से आए बुजुर्गों और किसानों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इधर, बैंक प्रबंधन का कहना है कि सर्वर में तकनीकी खराबी ऊपर से थी, जिसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। सर्वर फेल होने से कई जरूरी ट्रांजैक्शन और भुगतान अटक गए हैं, जिससे अब ग्राहकों को दोबारा बैंक के चक्कर लगाने पड़ेंगे।





