खबरवाणी
सारनी स्थित जैन मंदिर में महावीर जयंती धूमधाम से मनाई
खबरवाणी न्यूज़ – रफीक
सारनी। शहर के जैन मंदिर में भगवान महावीर जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित हुए और धार्मिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः नित्य नियम पूजा से हुई, जिसके बाद मंगलाष्टक के पश्चात भक्तामर पाठ किया गया। इसके उपरांत अभिषेक एवं पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बोलियां लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। कुल बारह बोलियां रखी गईं। महावीर स्वामी की पूजा के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान महावीर के उपदेशों को याद करते हुए अहिंसा, शांति और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब दुनिया में अशांति का माहौल बना हुआ है, ऐसे में महावीर स्वामी के सिद्धांत हमें सत्य, अहिंसा और संयम का मार्ग दिखाते हैं। समाज के लोगों ने देश और दुनिया में अमन-चैन और शांति कायम रहने की कामना की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कमल कुमार जैन, राजा जैन, मनोज जैन, मधुकर जैन, संजय जैन, बकलीवाल जी, शशांक जी, हेमंत जी एवं राकेश जी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ संपन्न हुआ।






