खबरवाणी
प्रकट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी…
मंदिरों में आस्था एवं हर्षोल्लास से मनाया गया भगवान श्रीराम लला का जन्मोत्सव
मुलताई। पवित्र नगरी में चैत्र मास की नवमी गुरुवार एवं शुक्रवार को दो दिन मनाई गई। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम एवं मां दुर्गा की आराधना कर आस्था एवं हर्षोल्लास के साथ भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया। गुरुवार को ताप्ती तट स्थित राम मंदिर में पंडित विश्वकसेन महाराज ने भगवान श्रीराम जन्म की कथा सुनाई हुए जिसके बाद दोपहर 12 बजे विधि विधान से भगवान श्रीराम का जन्म हुआ। इस अवसर पर पंडित गुट्टू महाराज द्वारा मंत्रोंच्चार के साथ भगवान श्रीराम का अभिषेक कर आकर्षक वस्त्रों सर सजाया गया। पूजा अर्चना कर महाआरती की गई। जिसके बाद मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण की गई। इस अवसर पर शुक्रवार को ताप्ती तट स्थित भगवान जगदीश, भगवान सत्यनारायण मंदिर, भगवान लक्ष्मीनारायण मंदिर में दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम की आरती कर प्रसादी वितरण की गई। इस दौरान ताप्ती तट स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। वहीं नगर के गांधी चौक स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा गुरुवार सुबह 11 बजे से सुंदरकांड का पाठ किया गया। जिसके बाद दोपहर 12 बजे पंडित दिनेश चंद्र शर्मा ने भगवान श्रीराम का अभिषेक किया एवं पूजा अर्चना कर महाआरती की गई। जिसके बाद प्रसादी वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा पूजा अर्चना की गई।





