Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

सख्ती के साये में 12वीं बोर्ड का दूसरा पेपर, भौंरा केंद्र पर शून्य नकल

By
On:

खबरवाणी

सख्ती के साये में 12वीं बोर्ड का दूसरा पेपर, भौंरा केंद्र पर शून्य नकल

भौतिक और अर्थशास्त्र में शत-प्रतिशत उपस्थिति, विद्यार्थियों ने कहा, तैयारी रंग लाई

भौंरा। माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश की 12वीं बोर्ड परीक्षा का दूसरा दिन भौंरा केंद्र पर अनुशासन और आत्मविश्वास के नाम रहा। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भौंरा में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर सुबह से ही गंभीर माहौल दिखाई दिया। प्रवेश द्वार पर सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को कक्षाओं में प्रवेश दिया गया। केंद्र पर पूरे समय निगरानी का घेरा बना रहा और सबसे अहम बात यह रही कि एक भी नकल प्रकरण दर्ज नहीं हुआ। शुक्रवार को आयोजित दूसरे प्रश्नपत्र में पशुपालन विषय के सभी 27 विद्यार्थी उपस्थित रहे। विज्ञान तत्व में 27 में से 26 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि एक छात्र अनुपस्थित रहा। भौतिक शास्त्र में पंजीकृत सभी 56 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। अर्थशास्त्र में भी 55 के 55 विद्यार्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। शत-प्रतिशत उपस्थिति ने छात्रों की गंभीरता को दर्शाया। परीक्षा समाप्त होते ही केंद्र के बाहर छात्रों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था। भौतिक शास्त्र के छात्र
द्वारका उसवारे ने बताया कि प्रश्नपत्र सिलेबस के अनुरूप था और तैयारी के अनुसार ही प्रश्न आए। समय प्रबंधन भी सहज रहा। वहीं अर्थशास्त्र की छात्रा प्रिया धुर्वे ने कहा कि पेपर संतुलित था, लंबे और छोटे प्रश्नों में तालमेल रहा, जिससे उत्तर लिखने में आसानी हुई।
केंद्र पर सख्ती भी चर्चा का विषय बनी रही। विद्यार्थियों के अनुसार पहले दिन परीक्षा के दौरान किसी को भी बाथरूम जाने से पहले कंट्रोल रूम में जाकर अनुमति लेना और रोल नंबर दर्ज कराना अनिवार्य किया गया। इसके बाद ही छात्र को जाने दिया गया। हालांकि कुछ छात्रों ने इसे असुविधाजनक बताया, लेकिन अधिकांश ने माना कि नकल रोकने के लिए यह कदम जरूरी था। पूरे दिन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अनुशासन, निगरानी और विद्यार्थियों की तैयारी तीनों का संतुलन दूसरे दिन साफ दिखाई दिया। भौंरा केंद्र ने यह संकेत दे दिया कि परीक्षा की शुचिता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा और मेहनत ही सफलता का आधार बनेगी।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News