खबरवाणी
कृष्णपुरा वार्ड 10 में आवारा कुत्तों का आतंक, आधी रात को बछड़े पर हमला, युवक की सूझबूझ से बची जान
बैतूल। कृष्णपुरा वार्ड क्रमांक 10 में पुराना हॉस्पिटल के सामने आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात करीब 2:30 बजे 10 से 15 आवारा कुत्तों ने मोहल्ले में दहशत फैला दी। स्थानीय नागरिकों के अनुसार ये कुत्ते आए दिन राहगीरों और रहवासियों पर हमला कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।
इसी दौरान गाय के एक बछड़े पर कुत्तों ने हमला कर दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के नीरज यादव मौके पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर कुत्तों को भगा कर बछड़े की जान बचाई। घटना की सूचना तत्काल नगर पालिका को दी गई, जिसके बाद नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और घायल बछड़े को अपने साथ ले गई।
वार्डवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। सीएम हेल्पलाइन में भी आवेदन दर्ज कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस निराकरण नहीं हुआ। लोगों में नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान जल्द से जल्द किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी गंभीर घटना के इंतजार में है?





