खबरवाणी
वसूली के नाम पर हो रहा व्यापारियों का सार्वजनिक अपमान-कांग्रेस पार्षद
वसूली के साथ बस स्टैंड काम्प्लेक्स की मरम्मत भी करें नगरपालिका
मुलताई। नगरपालिका द्वारा बस स्टैंड की दुकानों से किराया वसूली अभियान चलाया जा रहा है,कांग्रेस पार्षदों ने वसूली के दौरान नगरपालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा व्यापारियों को सार्वजानिक रूप से अपमानित करने एवं बिना नोटिस दिए दुकानों की तालाबंदी करने पर नाराजगी जताई है। शनिवार को नगरपालिका उपाध्यक्ष शिवकुमार माहौरे, पार्षद अंजलि सुमित शिवहरे एवं निर्मला उबनारे ने बस स्टैंड काम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान बस स्टैंड काम्प्लेक्स के व्यापारियों ने बस स्टैंड काम्प्लेक्स की जर्जर हालत एवं उनके साथ नपा अधिकारियों द्वारा किए जा रहे बर्ताव से अवगत कराया। व्यापारी तुषार उदासी ने बताया उनकी दुकान पर केवल वर्तमान साल का किराया बाकी है जिसे वे साल के अंत में एक साथ जमा करते है, लेकिन शुक्रवार को नगरपालिका के अधिकारियों ने बिना किसी सुचना के उनकी दूकान पर ताला लगा दिया है। व्यापारी मयंक पाठक, कृष्णा पंडागरे, भवानी शंकर पटेल सहित अन्य व्यापारियों ने बताया की नगरपालिका द्वारा काम्प्लेक्स के जर्जर हो चुके हिस्सों की जल्द से जल्द मरम्मत करवाना चाहिए नहीं तो आने वाले समय में किसी दुर्घटना में जनहानि हो सकती है।उपाध्यक्ष शिवकुमार माहौरे ने कहा की नगरपालिका द्वारा बिना नोटिस दिए दुकानों पर तालाबंदी की कार्यवाही पूरी तरह गलत है। सभी कांग्रेस के जनप्रतिनिधि इस कार्रवाई का विरोध करेंगे। पार्षद अंजलि सुमित शिवहरे ने बताया भाजपा के शासन में नगरपालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी वसूली के नाम पर व्यापारियों को सार्वजानिक रूप से अपमानित कर रहे है लेकिन भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि अधिकारियों के इस बर्ताव पर चुप्पी साधे बैठे है। पार्षद निर्मला उबनारे ने कहा की नगरपालिका ने दुकानों का किराया तो मनमाने तौर पर बढ़ा दिया है लेकिन जर्जर हो चुके काम्प्लेक्स की मरम्मत नहीं की जा रही ना ही व्यापारियों को कोई सुविधा दी जा रही है । कांग्रेस जनप्रतिनिधि अब 13 फरवरी को होने जा रही नगरपालिका परिषद की बैठक में इस मामले में विरोध प्रदर्शन करेंगे एवं दुकानों का किराया कम करने एवं बिना नोटिस दिए दुकानों पर तालाबंदी करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग करेंगे ।निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेता रितेश शर्मा,आशीष सोनी,गोल्डी अग्रवाल सहित बस स्टैंड काम्प्लेक्स के व्यापारी उपस्थित रहे।





