खबरवाणी
राहुल गांधी देश के सबसे ‘नकारा’ नेता, साधारण परिवार में होते तो गांव के लोग भी नहीं जानते:
गिरिराज सिंह
डिंडोरी (मध्य प्रदेश) सौरभ राय: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के अल्प प्रवास के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को “देश का सबसे नकारा नेता” करार देते हुए कहा कि अगर वह गांधी परिवार में पैदा नहीं होते, बल्कि मोहन यादव के परिवार जैसे किसी साधारण परिवार से आते, तो उन्हें उनके गांव या मोहल्ले के लोग भी नहीं जानते।
डिंडोरी पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की सराहना की।
जनजातीय समाज के गौरव दिवस पर अमरकंटक में रात्रि विश्राम
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के जनजातीय समाज को गौरव दिवस दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस अवसर पर अमरकंटक में रात्रि विश्राम करेंगे। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि डिंडोरी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला और पगड़ी भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने आगे कहा कि देश के किसी भी प्रधानमंत्री ने जनजातीय समाज के लिए इतना काम नहीं किया, जितना नरेंद्र मोदी ने किया है। उन्होंने सभी जनजातीय भाइयों से अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा जी का सम्मान करने का आग्रह किया। उन्होंने बिहार की महिलाओं के उत्थान के लिए काम करने के लिए प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री को भी धन्यवाद दिया।
🗣️ जीत पर राहुल की, हार पर ‘वोट चोरी’
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा, “राहुल गांधी जब हिमाचल जीतते हैं, तेलंगाना जीतते हैं तो राहुल गांधी जीतते हैं और अगर हार जाते हैं तो वो वोट चोरी, वोट चोरी।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस को जितने वोट आए, उससे अधिक वोट तो केवल बिहार में भाजपा के विधायक जीतते हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि जब तक राहुल गांधी और नेहरू खानदान की चाकरी होती रहेगी, तब तक कांग्रेस की दुर्गति होती रहेगी।
घुसपैठिए और ‘ग़ज़वा-ए-हिंद’ पर सचेत रहने की अपील
केंद्रीय मंत्री ने देश में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के बढ़ते प्रभाव पर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने सचेत किया कि बांग्लादेशी घुसपैठिए हर जगह अपनी पैठ बना रहे हैं।
गिरिराज सिंह ने एक विवादास्पद बयान देते हुए कहा कि देश के विभाजन के समय पूर्वजों से बहुत बड़ी भूल हुई थी। उन्होंने कहा, “अगर उस समय सारे मुसलमानों को पाकिस्तान भेज दिया गया होता और सारे हिंदुओं को भारत ले आया होता तो न वहां हमारे हिंदू भाई-बहनों का धर्म परिवर्तन होता, न मंडपों से हमारी बेटियों को उठाया जाता।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि इस भूल का खामियाजा अब की पीढ़ी को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने ‘ग़ज़वा-ए-हिंद’ की बात करने वालों से देश को सचेत रहने की सख्त आवश्यकता बताई।