खबरवाणी
भौंरा में युवाओं ने दिया स्वस्थ भारत का संदेश , बजरंग दल की रन फॉर हेल्थ में उमड़ा उत्साह, विधायक उईके बोले: फिट युवा ही विकसित भारत की पहचान
भौंरा। रविवार की सुबह भौंरा नगर की गलियाँ उत्साह और ऊर्जा से भर उठीं, जब सैकड़ों युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने एक साथ कदम मिलाते हुए रन फॉर हेल्थ, नशा मुक्त युवा, विकसित भारत की ओर दौड़ में भाग लिया। यह प्रेरणादायक आयोजन बजरंग दल भौंरा इकाई द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करना था।
रविवार श्री राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण से आरंभ हुई यह दौड़ नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।
दौड़ के समापन अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि दौड़ केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का प्रतीक है। इसी अनुशासन से व्यक्ति समाज और राष्ट्र के निर्माण में सार्थक भूमिका निभा सकता है।कार्यक्रम में उपस्थित विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा यदि नशे से दूर रहे, अपने शरीर और मन को स्वस्थ रखे, तो वह किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। फिटनेस कोई फैशन नहीं, यह जीवन की आवश्यकता है। जब युवा फिट रहेगा, तभी भारत हिट रहेगा। स्वस्थ और सजग युवा ही विकसित भारत की वास्तविक पहचान हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भौंरा जैसी छोटी जगहों से इस प्रकार के आयोजन देशभर में प्रेरणा का स्रोत बन सकते हैं।
वहीं, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री श्याम राठौर ने कहा कि नशा छोड़ो, स्वास्थ्य से जुड़ो यही इस कार्यक्रम का असली संदेश है। आज के समय में युवाओं को मोबाइल और नशे की लत से बाहर निकलकर दौड़ और व्यायाम की आदत डालनी चाहिए। दौड़ शरीर को ही नहीं, मन और विचारों को भी संतुलित रखती है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 25 नवंबर को अयोध्या मैं होने वाले कार्यक्रम के लिए जिले से रवाना होने वाले संतों की विदाई का कार्यक्रम भी भौंरा में आयोजित किया जाएगा, जिन्हें श्री राम जन्मभूमि न्यास से विशेष आमंत्रण प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर मध्य भारत प्रांत के गौ रक्षा प्रमुख कृष्णकांत गावंडे, सुधीर नायक, नवीन वर्मा, प्रखंड मंत्री शुभम चौरे, प्रखंड संयोजक बलराम यादव, चैतन्य राय, सुनील राठौर सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे नशामुक्त समाज और स्वस्थ भारत की दिशा में एक सशक्त कदम बताया। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं को प्रेरित करते हुए गौ रक्षा प्रमुख कृष्णकांत गावंडे ने कहा कि नियमित व्यायाम, खेलकूद और स्वस्थ दिनचर्या ही जीवन में ऊर्जा, एकाग्रता और सफलता का मूलमंत्र है। नशा त्यागकर और फिटनेस अपनाकर हर युवा अपने परिवार, समाज और देश को नई दिशा दे सकता है।
रन फॉर हेल्थ के माध्यम से भौंरा नगर ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि स्वस्थ युवा ही सशक्त भारत की नींव हैं, और यह पहल केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि एक आंदोलन है।एक ऐसी शुरुआत, जो नशामुक्त, जागरूक और विकसित भारत की ओर ले जाती है।





