खबरवाणी
यादव समाज अध्यक्ष को रास्ते में रोककर गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी; मोहदा थाने में FIR दर्ज
रिपोर्ट प्रदीप यादव भीमपुर
भीमपुर । मोहदा थाना क्षेत्र में संत सिंगाजी गवली समाज संगठन के जिला अध्यक्ष को रास्ते में रोककर गाली-गलौच करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संत सिंगाजी गवली समाज संगठन के जिला अध्यक्ष भूरा यादव ने थाना मोहदा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि समाज के कुछ लोग सामाजिक कार्यक्रमों में शराब पीकर पहुंचते हैं और अभद्र व्यवहार करते हैं। इस संबंध में लगभग 8 दिन पहले पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग भी की गई थी।
शिकायत के अनुसार 08 मार्च 2026 को शाम करीब 5:30 बजे भूरा यादव माजरवानी में एक अंत्येष्टि कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ जगन यादव और राजेश यादव भी मौजूद थे। इसी दौरान मोहदा में रामसिंह की दुकान के पास आरोपियों ने अपनी गाड़ी खड़ी कर रास्ता रोक लिया और उन्हें रोककर मां-बहन की गंदी गालियां देने लगे।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों ने भूरा यादव को समाज से हट जाने की धमकी देते हुए कहा कि
“अगर समाज से नहीं हटे तो जान से खत्म कर देंगे, किसी को पता भी नहीं चलेगा।”
घटना से घबराकर फरियादी वहां से निकलकर सीधे थाना मोहदा पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में एफआईआर क्रमांक 0016/2026 दर्ज की गई है।
फरियादी भूरा यादव का कहना है कि आरोपी आए दिन शराब के नशे में रहते हैं और उनकी करतूतों से समाज के कई लोग परेशान हैं। उन्होंने मांग की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि समाज में फैल रही शराबखोरी पर लगाम लग सके और कई परिवार बर्बाद होने से बच सकें।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






