खबरवाणी
अपना अस्तित्व खोते पानी के हैंडपंप, लोहे के पार्ट्स और हेड हो रहे गायब
बुरहानपुर। शहर से लेकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक लगे सरकारी हैंडपंप धीरे-धीरे अपना अस्तित्व खोते नजर आ रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कई स्थानों पर हैंडपंपों से पानी निकालने वाले हेड और डंप करने वाले लोहे के पार्ट्स गायब हो रहे हैं। इससे न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है, बल्कि लोगों को पीने के पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।
सुत्रो जानकारी के मुताबिक शहर और गांवों में लगे कई हैंडपंपों के लोहे के हिस्से अज्ञात लोगों द्वारा निकाल लिए गए हैं। कई जगहों पर तो हैंडपंप का पूरा हेड ही गायब हो चुका है, जिसके कारण हैंडपंप बंद पड़े हैं और लोगों को मजबूरी में दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी हैंडपंपों की देखरेख और निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की है, लेकिन इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नियमित निरीक्षण और रखरखाव के अभाव में हैंडपंपों से लोहे के पार्ट्स चोरी होने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
समय रहते ध्यान देना चाहिए हैंडपंपों के लोहे के हिस्से निकालकर ले जाते हैं। इन लोहे के पार्ट्स को कबाड़ में बेच दिया जाता है, जिससे चोरों को फायदा होता है और सरकारी व्यवस्था को नुकसान उठाना पड़ता है।
हैंडपंपों से हेड और लोहे के पार्ट्स गायब होने के कारण कई मोहल्लों और गांवों में पानी की समस्या बढ़ती जा रही है। खासकर गर्मी के मौसम में जब पानी की जरूरत ज्यादा होती है, तब खराब या अधूरे हैंडपंप लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में और भी हैंडपंप बेकार हो सकते हैं। लोगों ने सम्बंधित विभाग से मांग की है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगे सभी सरकारी हैंडपंपों की जांच कराई जाए और जिन हैंडपंपों के पार्ट्स गायब हैं, उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए।
साथ ही नागरिकों ने यह भी मांग की है कि हैंडपंपों से लोहे के हिस्से चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि सरकारी संपत्ति सुरक्षित रह सके और आम जनता को पानी की सुविधा मिलती रहे।





