खबरवाणी
भीमपुर-भैंसदेही मार्ग पर दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत एक युवक की मौके पर मौत, दो गंभीर रूप से घायल
रिपोर्ट.*** प्रदीप यादव नांदा भीमपुर
भीमपुर। गुरुवार की सुबह भीमपुर-भैंसदेही मुख्य मार्ग पर बेलढाना गांव के पास दो बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच हुआ।राहगीरों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर ग्राम रिगढाना निवासी झूलफां अपने साथी युवक के साथ सवार था। सामने से आ रही दूसरी बाइक पर गोरेगांव निवासी तुषार सवार था, जो पेशे से हेयर सैलून संचालक बताया गया है। दोनों वाहनों की तेज रफ़्तार आपस में टकरा गई, जिससे रिगढाना निवासी झूलफां की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ सवार युवक और तुषार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुँचे तथा घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। झूलफां का शव पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बढ़ते यातायात और तेज गति के चलते दुर्घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क पर गति सीमा एवं चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।





