खबरवाणी
ट्रक ने मारी बाइक को टक्कर,बाइक सवार 2 युवकों की मौत
मुलताई। नेशनल हाईवे बैतूल रोड पर बानूर खापा जोड़ के पास शुक्रवार की रात करीब 9.30 बजे एक ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया जाता है ग्राम जलालखेड़ा महाराष्ट्र निवासी रविंद्र पिता बबलू चिल्हाटे 21साल एवं रोशन पिता संतोष चौहान 17साल निवासी लायवानी थाना झल्लार अपनी बाइक से जलालखेडा से लायवानी जा रहे थे। इस दौरान बैतूल रोड पर बानूरखापा जोड़ के पास रुद्रा मुद्रा ढाबे के सामने एक ट्रक चालक ने वाहन तेजी एवं लापरवाही पूर्वक चलाकर बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे रविंद्र का कमर के नीचे का भाग बुरी तरह कुचला गया एवं सिर पर गंभीर चोट आई वहीं रोशन के सिर पर भी गंभीर चोट आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पहुंची। साईखेड़ा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक दिलीप झरबडे ने बताया रात्रि में ही मर्ग कायम कर दोनों के शव मुलताई अस्पताल पहुंचा दिए थे। शनिवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौपे गए है। मामले में जांच की जा रही है।





