खबरवाणी
नपा द्वारा प्रस्तावित स्थल पर झूले लगाने से धसक सकते है झूले, हो सकती है बड़ी दुघर्टना
व्यापारियों ने कहा यथावत रखे मेला नही तो करेगें बहिष्कार, धरने पर बैठे व्यापारी, सौपा ज्ञापन
मुलताई। नगर में कार्तिक पूर्णिमा 5 नवम्बर से लगने वाले ताप्ती मेले में नगर पालिका द्वारा झूलो के लिए स्थल एवं दुकानों के लिए भुखंडो के आवंटन की प्रक्रिया प्रांरभ कर दी है। इस बार नगर पालिका द्वारा झूलो का स्थान बदलकर मकानों के पीछे लगाने के लिए स्थल प्रस्तावित किया गया है,जिससे व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि नपा द्वारा प्रस्तावित स्थल पर झूले लगाने से मकानो के निस्तार के पानी से काली मिटटी युक्त जमीन दलदली हो जाएगी एवं कभी भी झुले धसकने से बड़ी दुघर्टना घटित हो सकती है।वहीं होटलो सहित दुकानों के स्थल भी परिवर्तित होने से होटलो के निस्तार का पानी अन्य दुकानों में घुसेगा तथा व्यापार भी प्रभावित होगा। व्यापारियों ने मेला बीते वर्ष की भांति लगाने की मांग की। इस मुद्दे को लेकर शनिवार को नगर पालिका के सभा कक्ष में बैठक आयोजित की गई।बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष वर्षा गढेकर, सीएमओं वीरेन्द्र कुमार तिवारी, पार्षद डॉ जीए बारस्कर ,अजय यादव, महेन्द्र पिल्लू जैन, सुरेश पौनीकर ,शिल्पा शर्मा, सहित सुमित शिवहरे, शेख जाकिर, मारोती पवार एवं व्यापारी उपस्थित थे। बैठक में व्यापारियों का कहना था कि झूलो का स्थान नही बदला जाए एवं मेले को यथावत लगाया जाए। लेकिन बैठक में कोई निर्णय नही हो सका। परिषद का कहना है उनके द्वारा जो स्थल झुलो, दुकानो एवं होटलो के लिए प्रस्तावित किया है। वहीं पर लगाया जाएगा,इस तरह बैठक बेनतीजा रही।
व्यापारियों ने दिया धरना
बैठक बेनतीजा रहने के बाद परिषद के निर्णय से दुखी व्यापारियों द्वारा नगर पालिका के मुख्य द्वार के सामने बैठकर धरना दिया एवं जमकर नारे बाजी की तथा मेला यथावत लगाने की मांग की।जिसके बाद व्यापारियो ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार राजकुमार उइके को सौंपा है। व्यापारियों द्वारा सौपे ज्ञापन में बताया मेला पूर्वानुसार ही लगाया जाए। होटलो का स्थान बदलने से होटलो का गंदा पानी एवं कचरा अन्य दुकानों के सामने फैलेगा जिससे आए दिन मेले में शांति भंग हो सकती है। ज्ञापन में बताया मेले को यथावत नही किया जाता है तो व्यापारियों द्वारा मेले का बहिष्कार किया जाएगा ।
रहवासी क्षेत्र से दूर हो झूले
रेल्वे स्टेशन रोड पर मेला स्थल के सामने निवास करने वाले रहवासियों सीएमओं को ज्ञापन सौंप कर बताया कि मेला गाउडं में झुलो का स्थान पूर्व वर्षो की तरह दूर रहे। वर्तमान में झूलो को घरो के बहुत नजदीक लगाया जा रहा है,जिससे घर में निवास करने वाले बीमार व्यक्ति, बुजुर्गो, माता बहनो को परेशानी होगी।वहीं मकान के पास झूले लगने से बच्चो की पढाई प्रभावित होगी। रहवासियों ने झूलो को रहवासी क्षेत्र से दूर लगाने की मांग की है।





