खबरवाणी
शहीदों की याद में दहक उठीं मशालें
आमला। शहीदों की याद में दहक उठीं मशालें: सैनिकों के गांव अंधारिया में उमड़ा जनसैलाब, नम आंखों से वीर सपूतों को दी श्रद्धांजलि
पुलवामा के शहीदों को नमन मशाल जुलूस निकाल गूंजे भारत माता के जयकारे,महाआरती के साथ दी पुष्पांजलि
आमला जिले में सैनिकों के नाम से प्रसिद्ध आमला ब्लाक के ग्राम अंधारिया में बुधवार को पुलवामा हमले की बरसी पर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। युवाओं द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गांव में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। हाथों में जलती मशालें और लबों पर ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ युवाओं का हुजूम गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरा, जिसका समापन शहीद स्मारक पर हुआ।
आतंकी हमले के काले अध्याय को किया याद
शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र गडेकर ने 14 फरवरी 2019 की उस हृदयविदारक घटना का स्मरण कराया। उन्होंने कहा कि वह देश के इतिहास का काला दिन था, जब दोपहर करीब 4 बजे पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने कायराना हरकत करते हुए विस्फोटक से भरी कार सेना के काफिले से टकरा दी थी। इस आत्मघाती हमले में मां भारती के 40 सपूतों ने अपनी शहादत दी थी, जिससे न केवल भारत बल्कि पूरा विश्व स्तब्ध रह गया था।
मंत्रोच्चार और महाआरती से गुंजायमान हुआ परिसर
श्रद्धांजलि सभा के दौरान जगदीश राठौर द्वारा गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र का सामूहिक उच्चारण कराया गया। इसके पश्चात दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के अंत में भारत माता की महाआरती की गई और पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया गया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों और युवाओं की आंखें नम हो गईं। इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य रूप से नरेंद्र गडेकर, धनिराम गडेकर, जगदीश राठौर, देवेंद्र नरवरे, सुरेंद्र गडेकर, प्रवीण चौहान, अखिलेश झाडे, प्रवीण झाडे, राजू झाडे, मोनू बनखेड़े, विनोद डढोरे, कमलेश सावनेर सहित बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण उपस्थित रहे।





