खबरवाणी
समय पर टीकाकरण ही सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय: विधायक डॉ. पंडाग्रे
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारनी की छात्राओं को लगाई गई एचपीवी वैक्सीन,
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सारणी एवं शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय सारणी में शुक्रवार को निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे राष्ट्रीय प्रयासों के अंतर्गत संचालित है, जिसका उद्देश्य 14 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, इसके खतरे एवं एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में सरल भाषा में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण ही इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
विधायक डॉ. पंडाग्रे ने कहा कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए एक “संजीवनी” सिद्ध होगा और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपनी 14 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं को इस निःशुल्क टीकाकरण अभियान का लाभ दिलाकर उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान करें। कार्यक्रम के दौरान नपा अध्यक्ष किशोर बरर्दे, राजेश आहूजा, गोलू राजपूत सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






