Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

गंज मैकेनिक चौक, जायका और बीजेपी भवन के पास की तीन पुलिया होंगी 24 मीटर चौड़ी

By
On:

गंज मैकेनिक चौक, जायका और बीजेपी भवन के पास की तीन पुलिया होंगी 24 मीटर चौड़ी

गंज क्षेत्र में लंबे समय से ट्रैफिक की समस्या झेल रहे नगरवासियों को जल्द मिलेगी राहत…

सेंट्रल स्कूल से करबला तक बनने वाली टू-लेन सडक़ से पहले होगा तीन पुलियाओं का निर्माण…

सांध्य दैनिक खबरवाणी, बैतूल

गंज के रेंगते ट्रैफिक को जल्द ही रफ्तार मिलने वाली है, दरअसल गंज में तीन सकरी पुलिया ट्रैफिक में बड़ा रोढ़ा बन रही हैं, जिससे आए दिन छोटे-छोटे जाम लगते हैं और यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो जाता है, नगरपालिका ने तीन पुलिया के रिनावेशन के लिए प्रोजेक्ट बनाया है जिसके तहत यहां पुलिया निर्माण के लिए पाइप भी आ चुके हैं, अब जल्द ही पुलिया के चौड़ीकरण का काम होगा।
गौरतलब है कि गंज में मैकेनिक चौक के पास ही बस स्टैंड है, ट्रक और बस सहित भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इन संकरी पुलिया से दो वाहन एक साथ क्रास नहीं हो पाते हैं इसलिए बार-बार ट्रैफिक जाम हो जाता है। सबस ज्यादा समस्या जायका रेसटारेंट के पास है, यहां की पुलिया टूट-फूट चुकी है और इसे पार करने के लिए 8 फीट की जगह मात्र है, जिसके चलते यहां होटल, बड़े शारूम होने के कारण वाहनों की आवाजाही ज्यादा है जिसके कारण बार-बार ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है।
इधर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के पास आए दिन होने वाले बड़े आयोजनों में सैकड़ों की संख्या में वाहन आते हैं जिससे यहां पर भी टूटी संकरी पुलिया ट्रैफिक जाम कर देती है। रोजाना स्कूल बस, ट्रक, जीप, कार सहित सैकड़ों वाहनों की आवाजाही के कारण गंज के कांतिशिवा चौक से लेकर बीजेपी भवन तक का ट्रैफिक रुक-रुककर चलता है जिसके कारण वाहन चालकों सहित पैदल यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

शहरी सुधार कार्यक्रम के तहत 27.75 करोड़ से बनेगी टू-लेन सडक़

बैतूल गंज में आवागमन को सुगम बनाने के लिए शहरी सुधार कार्यक्रम के तहत 27.75 करोड़ रुपए की लागत से नई सडक़ का निर्माण होगा। यह सडक़ सडक़ सेंट्रल स्कूल गंज से रेल्वे स्टेशन, अंडर ब्रिज, नागपुर नाका होते हुए करबला ब्रिज तक जाएगी। कुल 2850 मीटर लंबी और 24 मीटर चौड़ी यह सडक़ टू-लेन में बनेगी। इस परियोजना में डिवाइडर के साथ सेंट्रल पोल लगाकर विद्युतीकरण भी किया जाएगा। सडक़ के दोनों तरफ पक्की नाली, फुटपाथ और यूटिलिटी डक्ट का निर्माण होगा। इस सडक़ के बनने से बैतूल शहर की आठनेर बड़ोरा और करबला ब्रिज-तितली चौराहा से फोरलेन के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के प्रयास से नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मध्यप्रदेश ने इस परियोजना को तकनीकी स्वीकृति दे दी है और वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है।

व्हाइट टॉपिंग से अस्त-व्यस्त शहर

थाना चौक से लल्ली चौक, नेहरू पार्क तक तीन करोड़ रुपए की लागत से दो किलोमीटर व्हाइट टॉपिंग सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। फिलहाल इस सडक़ से पूरे शहर का ट्रैफिक अव्यवस्थित है। नई सडक़ बनने से कोठी बाजार और गंज क्षेत्र में लगने वाले नियमित ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी। स्टेशन मार्ग गंज में अक्सर जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता था, जिसका अब समाधान होगा।

अतिक्रमण बनेगा सबसे बड़ी बाधा

सडक़ और पुलिया के नगरपालिका ने प्रोजेक्ट तो तैयार कर लिया लेकिन गंज में सडक़ निर्माण के दौरान अतिक्रमण सबसे बड़ी समस्या बनकर सामने आएगा। क्योंकि गंज में 24 मीटर सडक़ के लिए जगह निकालना ही सबसे महत्वपूर्ण चुनौती होगा।

प्लानिंग हो गई है
पुलिया निर्माण के लिए प्लान बनाया गया है। नगरपालिका द्वारा यह निर्माण किया जाएगा। फिलहाल शहर में व्हाइट टॉपिंग के साथ गंज की एक और सडक़ का काम शुरू किया गया है, ये प्रोजेक्ट पूरे होने के बाद पुलियाओं का काम शुरू कर दिया जाएगा।
नगेंद्र वागदे्रे, नगरपालिका इंजीनियर

For Feedback - feedback@example.com

Leave a Comment

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News