Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

गांव को मिला अपना टेंट, बढ़ेगा सामूहिक सहयोग

By
On:

खबरवाणी

गांव को मिला अपना टेंट, बढ़ेगा सामूहिक सहयोग

काष्ठ लाभांश से खरीदी सामग्री, विधायक ने दिए वन सुरक्षा के संदेश

भौंरा । वनाधारित आय को ग्राम विकास से जोड़ने की पहल के तहत भौंरा वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत खापा में गुरुवार को काष्ठ लाभांश राशि से खरीदी गई टेंट सामग्री का वितरण किया गया। विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर सामग्री वितरित की और ग्रामीणों को वन संरक्षण एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। वन मंडल उत्तर बैतूल अंतर्गत बीट सिंदूरघाट में आयोजित इस कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि संसाधन का चयन और क्रय प्रक्रिया स्थानीय वन सुरक्षा समिति की आमसभा के निर्णय के आधार पर की गई। इससे स्पष्ट होता है कि वन प्रबंधन में समुदाय की भागीदारी को प्राथमिकता दी जा रही है। टेंट सामग्री का उपयोग ग्राम स्तरीय आयोजनों और सामुदायिक गतिविधियों में किया जाएगा, जिससे ग्रामीण संरचना को व्यावहारिक सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक उइके ने कहा कि वन संपदा केवल राजस्व का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन और आजीविका का आधार है। ऐसे में वनाग्नि से सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से निभानी होगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जंगलों को सुरक्षित रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम धारनमऊ की कोरकू लोकनृत्य चिटकोरा मंडली ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। नृत्य एवं गीतों के माध्यम से कलाकारों ने वन संरक्षण और अग्नि सुरक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसने आयोजन को जनजागरूकता से जोड़ने का काम किया। कार्यक्रम के अंत में वन परिक्षेत्र अधिकारी बृजेंद्र तिवारी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि काष्ठ लाभांश राशि का उपयोग ग्राम हित में किया जाना वन विभाग और ग्राम समुदाय के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की पहल से ग्रामीणों में वन संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता और अधिक मजबूत होगी।
इस अवसर पर वन सुरक्षा समिति अध्यक्ष शारदा हरिराम यादव, परिक्षेत्र सहायक झापड़ी कमलेश चौहान, परिक्षेत्र सहायक भौंरा मूलशंकर परते, अमित मिश्रा, मारुति पाल, संजय यादव, सौरभ सिरोठिया, कमल किशोर कुमरे, मेघराज यादव, सुनील रघुवंशी, सतीश पिपले सहित वन विभाग का अमला एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News