खबरवाणी
डोंगराळे गांव में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म व हत्या की घटना पर स्वर्णकार समाज में आक्रोश — आरोपी को फांसी देने की मांग तेज
बुरहानपुर। महाराष्ट्र के डोंगराळे गांव, तालुका मालेगांव में स्वर्णकार समाज की नाबालिग बालिका कु. यज्ञा जगदीश दुसखाने के साथ दुष्कर्म कर निर्मम हत्या किए जाने की जघन्य घटना ने समाज सहित पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। बालिका की हत्या से समाज में गहरा रोष व्याप्त है और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर भय का वातावरण निर्मित हो गया है।
स्वर्णकार समाज ने इस अमानवीय कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए महामहिम राष्ट्रपति भारत सरकार नई दिल्ली एवं कलेक्टर बुरहानपुर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आरोपी विजय खैरनार निवासी डोंगराळे गांव के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करते हुए उसे शीघ्र फांसी की सजा दिलाने की मांग की गई है।
समाज की प्रमुख मांगें
मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर त्वरित न्याय दिलाया जाए, आरोपी को फांसी की सजा सुनिश्चित की जाए, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, बालिकाओं की सुरक्षा हेतु प्रशासन द्वारा कड़े कदम उठाए जाएं।
संपूर्ण समाज में रोष
समाजजनों ने कहा कि यह घटना सिर्फ एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की पीड़ा है। ऐसी क्रूर घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं और यदि दोषियों को कठोर दंड नहीं दिया गया तो अपराधियों में कानून का भय खत्म होगा।
स्वर्णकार समाज ने स्पष्ट किया कि बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और न्याय में किसी भी प्रकार की देरी अस्वीकार्य होगा।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील
समाजजनों ने प्रशासन को अवगत कराया है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को किसी प्रकार की राहत न दी जाए और कानून द्वारा उपलब्ध कठोरतम दंड सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके। घटना से पीड़ित परिवार शोक में है। समाज ने सरकार एवं प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, मनोवैज्ञानिक सहयोग तथा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो स्वर्णकार समाज आगे जनआंदोलन एवं शांतिपूर्ण विरोध कार्यक्रम करने को बाध्य होगा।
इस अवसर पर श्री कैलाश केशवराव नेरकर,श्री दिलीप शंकरशेठ मोरे,श्री अतुल पंढरीनाथशेठ निकुम,श्री प्रमोद रामदास शेठ निकुम,श्री योगेश किरेद्रशेठ सुराजीवाले,श्री राजेन्द्र यशवंतराव सुराजीवाले, राजेंद्र दिगंबर दास विस्पुते
सहित सभी समाज जन संयुक्त कलेक्टर कार्यालय में उपस्थित थे।





