खबरवाणी
फोरलेन सड़क पर टूटा डिवाइडर, अब तक नहीं हुआ रिपेयर
खबरवाणी न्यूज़ रफीक,
सारनी । बागडोना स्थित रेस्क्यू गेट के सामने फोरलेन सड़क पर टूटा हुआ डिवाइडर लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। कुछ दिन पहले एक टवेरा वाहन ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए डिवाइडर और बिजली के खंभे को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था।
घटना के बाद अब तक ना तो डिवाइडर की मरम्मत की गई है और ना ही बिजली का खंभा लगाया गया है। टूटी हुई जगह से लोग शॉर्टकट के रूप में सड़क पार कर रहे हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
यह क्षेत्र व्यस्त और व्यापारिक इलाका है, जहां दिनभर भारी आवाजाही रहती है। ऐसे में प्रशासन की लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द डिवाइडर की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।





