टीम इंडिया ने ICC T20 World Cup 2026 में अब तक तीन मुकाबले खेले हैं और तीनों में जीत दर्ज की है। लेकिन अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है। बीमारी की वजह से वह सिर्फ दो मैच खेल पाए और दोनों में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। ओपनर का लगातार जीरो पर आउट होना टीम के लिए अच्छा संकेत नहीं माना जा रहा। फैंस भी यही सोच रहे हैं कि आखिर कब उनका बल्ला बोलेगा।
सुनील गावस्कर की खास और सीधी सलाह
भारतीय क्रिकेट के लीजेंड सुनील गावस्कर ने अभिषेक को सीधी और देसी अंदाज में सलाह दी। उन्होंने कहा, “मेरा बस इतना कहना है कि पहले एक रन बना लो। बस एक रन। उसके बाद तुम अपने नेचुरल गेम खेलो।”
गावस्कर का मानना है कि पहला रन आत्मविश्वास देता है। जब खिलाड़ी खाता खोल लेता है तो उसके पैर खुद-ब-खुद चलने लगते हैं और दबाव कम हो जाता है। उन्होंने साफ कहा कि सेट होने के बाद आक्रामक खेल दिखाना चाहिए, शुरुआत में थोड़ा संभलकर।
पिछले 5 मैचों में तीन बार शून्य पर आउट
अगर अभिषेक शर्मा की पिछली पांच पारियों पर नजर डालें तो तस्वीर थोड़ी चिंताजनक है। तीन बार वह जीरो पर आउट हुए हैं। हालांकि प्रैक्टिस मैच में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 24* रन बनाए थे। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 30 रन और फिर एक बार शून्य पर आउट हुए। साफ है कि उनका फॉर्म ऊपर-नीचे चल रहा है।
सेंचुरी भी लगा चुके हैं, फॉर्म पर नहीं उठ रहा भरोसा
याद दिला दें कि अभिषेक शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक भी जड़ चुके हैं। यानी टैलेंट की कमी बिल्कुल नहीं है। गावस्कर ने भी यही कहा कि वह शानदार फॉर्म में हैं, बस उसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कई बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करने के बाद लापरवाही कर बैठते हैं, जिससे विकेट गंवा देते हैं।
टीम इंडिया को ओपनर से बड़ी उम्मीदें
अभिषेक शर्मा अब तक 40 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और 1297 रन बना चुके हैं। उनका औसत 35.05 का है, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। ऐसे में साफ है कि टीम मैनेजमेंट को उन पर पूरा भरोसा है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले मुकाबले में अभिषेक पहले रन का ‘ताला’ खोल पाते हैं या नहीं। फैंस यही दुआ कर रहे हैं कि उनका बल्ला फिर से गरजे और टीम इंडिया को धमाकेदार शुरुआत मिले।
Read Also :- Rajpal Yadav Tihar Jail Case: जमानत के बाद छूटे एक्टर, 9 करोड़ के कर्ज़ पर कारोबारी का दर्द छलका





