Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

कपिलधारा अनुभूति कैंप में विद्यार्थियों ने जाना जंगल और वन्यजीवन का महत्व

By
On:

खबरवाणी

कपिलधारा अनुभूति कैंप में विद्यार्थियों ने जाना जंगल और वन्यजीवन का महत्व

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के तवा बफर में 120 छात्र-छात्राओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

भौंरा । सतपुड़ा टाइगर रिजर्व अंतर्गत वन परिक्षेत्र तवा बफर के कपिलधारा अनुभूति कैंप में बुधवार को अनुभूति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सातलदेही एवं धपाड़ा के कुल 120 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों को प्रातः 7 बजे विद्यालय से वाहनों द्वारा कपिलधारा कैंप लाया गया। मार्ग में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों का अवलोकन किया, जिससे उनमें प्रकृति के प्रति उत्सुकता और बढ़ी। कैंप में पहुंचने पर विद्यार्थियों का चाय-नाश्ते से स्वागत किया गया। इसके पश्चात कैप, पेन, किताबें एवं पानी की बोतल सहित अनुभूति कैंप से संबंधित सामग्री वितरित की गई। बाद में विद्यार्थियों को चयनित ट्रेल पर अलग-अलग दलों में विभाजित कर अनुभूति मास्टर ट्रेनर राजेश पटेल (वनरक्षक) तथा अनुभूति प्रेरक लालसिंह चावले, अमित कौरव एवं प्रशांत सिंह के साथ पैदल भ्रमण कराया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को मार्ग में मिलने वाले विभिन्न पौधों, औषधीय वृक्षों, वन्यप्राणियों के पगचिन्ह, विष्ठा एवं अन्य प्राकृतिक संकेतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने सरल भाषा में बताया कि किस प्रकार जंगल का संतुलन मानव जीवन से जुड़ा है। कार्यक्रम में बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी एवं सहायक संचालक इटारसी (बोरी) की उपस्थिति से कैंप की गरिमा और बढ़ी। अतिथियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही जंगलों की जैव विविधता पर रोचक जानकारी दी गई तथा विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से बच्चों की समझ को परखा गया।
कैंप में चित्रकला सहित अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोपहर में विद्यार्थियों को स्वादिष्ट भोजन कराया गया। इसके बाद सांप-सीढ़ी, खाद्य श्रृंखला जैसे शिक्षाप्रद खेलों के माध्यम से पर्यावरणीय अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाया गया। कार्यक्रम में घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके ने भी सहभागिता की। उन्होंने कैंप की गतिविधियों की जानकारी ली और विद्यार्थियों से संवाद कर इस प्रकार के कार्यक्रमों को भविष्य के लिए उपयोगी बताया। इसी दौरान सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत कार्यरत डॉग अपोलो का डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर विद्यार्थी विशेष रूप से उत्साहित नजर आए। प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को विधायक द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं अतिथियों के साथ समूह फोटो लिए गए। विद्यार्थियों ने कपिलधारा स्थित जलस्रोत के साथ भी तस्वीरें एवं सेल्फी लीं। समापन के बाद सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से वाहनों द्वारा उनके विद्यालय तक पहुंचाया गया। अनुभूति कैंप में जनप्रतिनिधि राजेश उइके, रामकिशोर राय, विपिन नागोरिया, मयंक यादव, राजकुमार कौरव, निशांत सिंह सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग घोड़ाडोंगरी की टीम, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रकृति, वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया गया।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News