खबरवाणी
पीएम एक्सीलेंस कॉलेज बैतूल में SC-ST छात्र–छात्राओं का प्रदर्शन
किताबें न मिलने और कॉलेज परिसर में नशे के कारोबार के खिलाफ उठाई आवाज
बैतूल। पीएम एक्सीलेंस कॉलेज बैतूल में मंगलवार को अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के छात्र–छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी उत्तर कक्षाओं के लिए जो किताबें उपलब्ध कराई जाती हैं, उनकी खरीद अब तक नहीं की गई है। लगभग आधा सत्र बीत चुका है, कई विषयों की परीक्षाएं हो चुकी हैं और कुछ की होने वाली हैं, लेकिन किताबें न मिलने से उनकी पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर में नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण कई छात्र इसकी चपेट में आ रहे हैं। इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन न तो कोई जांच हुई और न ही कोई कार्रवाई की गई। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पुस्तकों की व्यवस्था नहीं की गई और नशे के कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।









