Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

पाथाखेड़ा कोयला खदान में निजी मजदूरों से वेतन कटौती का आरोप, 150 मजदूर हड़ताल पर

By
On:

खबरवाणी

पाथाखेड़ा कोयला खदान में निजी मजदूरों से वेतन कटौती का आरोप, 150 मजदूर हड़ताल पर

खबरवाणी न्यूज़ | रफीक

सारनी।पाथाखेड़ा क्षेत्र की कोयला खदानों में कार्यरत निजी ठेका मजदूरों के साथ कथित शोषण का गंभीर मामला उजागर हुआ है। मजदूरों ने आरोप लगाया है कि उनसे पूरा कार्य कराया जाता है, लेकिन उन्हें उनका पूरा मेहनताना नहीं दिया जाता। इस कथित अनियमितता से खदान क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है।
मजदूरों के अनुसार, उनके बैंक खातों में पूरा वेतन जमा किया जाता है, लेकिन बाद में दबाव बनाकर उससे लगभग आधी राशि नकद वापस ले ली जाती है। यह वसूली किस आधार पर की जाती है, इसका कोई लिखित रिकॉर्ड या रसीद मजदूरों को नहीं दी जाती। विरोध करने पर ठेकेदारों द्वारा काम से हटाने की धमकी दी जाती है, जिससे मजदूर भय के साये में काम करने को मजबूर हैं।
मजदूरों का कहना है कि यह पूरा मामला सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया जा रहा है और इसमें कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। उनका आरोप है कि बिना संरक्षण के इस तरह की अवैध वसूली लंबे समय तक चलना संभव नहीं है। मजदूरों ने इसे खुला भ्रष्टाचार बताते हुए मानव अधिकारों का उल्लंघन करार दिया है।
मजदूरों के समर्थन में कांग्रेस नेताओं प्रदीप नागल और संतोष देशमुख सामने आए और कहा कि ठेका मजदूर लंबे समय से शोषण झेल रहे हैं। इसी के चलते रविवार दोपहर पाथाखेड़ा के फुटबॉल ग्राउंड में करीब 150 निजी मजदूरों ने काम बंद कर हड़ताल व विरोध प्रदर्शन किया। हड़ताल के बाद प्रबंधन ने सोमवार को जीएम कार्यालय में बैठक बुलाने का निर्णय लिया है, जिसमें 10 मजदूर प्रतिनिधियों और संबंधित ठेकेदारों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया है।
बताया जा रहा है कि बैठक में मजदूरों की मांगों पर आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा, हालांकि मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण बैठक में तीखी बहस के आसार भी जताए जा रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या इस बैठक से मजदूरों के हित में कोई ठोस निर्णय निकलता है या नहीं।
मजदूरों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर क्या रुख अपनाता है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News