खबरवाणी
शातिर चोर गिरोह पर समय रहते कसा शिकंजा
पुलिस की बड़ी सफलता, कई जिलों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारणी। पुलिस ने एक शातिर अंतरजिला चोर गिरोह को समय रहते गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी सारणी के मार्गदर्शन में थाना सारणी एवं पाथाखेड़ा पुलिस टीम के संयुक्त प्रयास से की गई।
घटना का विवरण
थाना सारणी में फरियादी सतीश पिता दयाराम धुर्वे, उम्र 38 वर्ष, निवासी सतपुड़ा आईटीआई के पास ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 01 फरवरी की रात उसके सूने घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर चोरी की। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर घर के अंदर चोरी करते दिखाई दिए। चोर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी 1 लाख 5 हजार रुपये, घड़ियां व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 31/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ में खुलासा, एक के बाद एक गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी अनुराग पस्तारिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपने साथियों प्रवीण लांजीवार एवं कासिफ उर्फ सोहेल खान के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने मंडीदीप से मुख्य आरोपी कासिफ उर्फ सोहेल खान और प्रवीण लांजीवार को गिरफ्तार किया। चोरी का माल रखने के आरोप में यूसुफ उर्फ बिट्टू खान एवं चंद्रकला लांजीवार को भी गिरफ्तार किया गया।
जप्त सामग्री
आरोपियों के कब्जे से सोने का हार, कंगन, झुमके, चांदी का कमरबंद, पायल, बिछिया, सिक्के, हाथ घड़ियां, मोबाइल फोन, स्प्लेंडर व यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल सहित लाखों रुपये का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, निरीक्षक आबिद अंसारी (फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ), उपनिरीक्षक मनोज उईके, नितिन उईके, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके एवं आरक्षक सुभाष मंडलोई, राकेश करपे, मोहित भाटी, रवि मोहन दरसिमा, लक्ष्मी कश्यप सहित साइबर सेल के आरक्षक राजेंद्र, दीपेंद्र और बलराम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी परवीन लांजीवार, मूल निवासी आठनेर जिला बैतूल का है, जो बाद में बुधनी क्षेत्र में शिफ्ट हो गया था। आरोपी चोरी का माल अपनी 55 वर्षीय मां चंद्रकला लांजीवार के पास जमा करता था। मां द्वारा यह पूछताछ भी नहीं की गई कि कीमती जेवरात कहां से लाए जा रहे हैं।
पहले भी कई बड़ी चोरियों को दिया अंजाम
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार यह गिरोह पहले भी विदिशा जिले में लगभग 50 लाख रुपये की बड़ी चोरी और अब्दुल्लागंज क्षेत्र में करीब 35 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दे चुका है। गिरोह का मुख्य सदस्य कासिफ उर्फ कासिम 18 माह जेल में रहने के बाद महज 25 दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था और बाहर आते ही फिर से चोरी की वारदात में शामिल हो गया।
समय रहते गिरफ्तारी, टली बड़ी घटनाएं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि इस गिरोह को समय रहते गिरफ्तार नहीं किया जाता, तो यह आरोपी आगे भी क्षेत्र में बड़ी और संगठित चोरी की घटनाओं को अंजाम दे सकते थे। पुलिस की सतर्कता से संभावित गंभीर वारदातों पर रोक लग सकी।
सोना-चांदी के दाम बढ़े, चोरों की नजर जेवरात पर
पुलिस ने बताया कि वर्तमान समय में सोने और चांदी के बढ़ते दामों के चलते चोरों की नजर खासतौर पर जेवरात पर टिकी हुई है। सूने मकान और असुरक्षित स्थानों पर रखे आभूषण अपराधियों के लिए आसान लक्ष्य बन रहे हैं।
पुलिस टीम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर लंबे समय तक सूने न छोड़ें। आवश्यकता होने पर पड़ोसियों को सूचना दें, सीसीटीवी कैमरे लगाएं और कीमती जेवरात घर में रखने के बजाय बैंक लॉकर या सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदतन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





