खबरवाणी
2 वर्ष पूर्व हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने किया खुलासा,2 आरोपी गिरफ्तार
मुलताई। क्षेत्र मे नवोदय विद्यालय पट्टन रोड पर करीब 2साल पहले एक अज्ञात महिला का शव मिला था। जिसमे पुलिस द्वारा हत्या का अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी। पुलिस ने बुधवार को अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। टीआई नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया बीते 22 अक्टूबर 2024 को फरियादी एजाज पिता शरीफ अंसारी, उम्र 40 वर्ष, निवासी प्रभात पट्टन ने सूचना दी की नवोदय विद्यालय रोड किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। सूचना पर चौकी प्रभारी पट्टन एवं मुल्ताई पुलिस मौके पर पहुंची एवं निरीक्षण किया गया, मृतिका की उम्र करीब 62 वर्ष पाई गई, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान एवं गले पर लिगेचर मार्क पाए गए।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशानुसार,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष संकलन की कार्रवाई की गई एवं घटनास्थल की फोटोग्राफी कराई गई।प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाए जाने पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 735/24 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान मृतिका की पहचान सरूबाई बोहरपी निवासी ग्राम देवगांव थाना मुलताई के रूप में हुई थी, टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार पूछताछ की गई।संदेही सुनील बोहरपी से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार किया तथा अपने साथी अविनाश गाठे का नाम बताया। जांच मे सामने आया कि वर्ष 2024 में आरोपी सुनील बोहरपी ने ग्राम देवगांव में एक मकान खरीदा था, जिसमें पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था,उसी क्षेत्र में मृतिका सरूबाई बोहरपी रहने लगी थी, जिससे आरोपी का पूर्व से विवाद था।
दिनांक 21 अक्टूबर 2024 को आरोपी के घर में पारिवारिक कार्यक्रम तीसरा आयोजित था, जिसमें गांव के लोग आमंत्रित थे।
आरोपी की मां द्वारा सरूबाई को भोजन हेतु बुलाने पर वह विवाद करने लगी।इस पर आरोपी स्वयं सरूबाई को बुलाने गया, जहां दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।विवाद के दौरान सरूबाई द्वारा आरोपी का कॉलर पकड़ने पर आरोपी ने गुस्से में उसे जोर से धक्का दिया,धक्का लगने से सरूबाई का सिर दीवार से टकराया और वह बेहोश होकर गिर गई।इसके बाद आरोपी ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी तथा घटना छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने अपने नौकर सहयोगी अविनाश गाठे को बुलाया और दोनों ने शव को काले रंग की चादर में लपेटकर मोटरसाइकिल से जंगल में ठिकाने लगाने के लिए ले जाना शुरू किया।रास्ते में वाहन की रोशनी देखकर अविनाश डरकर मोटरसाइकिल से कूदकर भाग गया, जिससे शव सड़क पर गिर गया, इसके बाद आरोपी ने शव को रस्सी से बांधकर मोटरसाइकिल से घसीटते हुए ले जाने का प्रयास किया।सामने से वाहन आते देख आरोपी ने शव को नवोदय विद्यालय रोड किनारे छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया।पुलिस द्वारा आरोपी
सुनील बोहरपी पिता जगन्नाथ बोहरपी उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम देवगांव थाना मुलताईएवं अविनाश गाठे पिता धनराज गाठे उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम देवगांव थाना मुलताई को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बाइक जीजे 05 एयू 6058
अन्य साक्ष्य सामग्री जप्त की है।उक्त कार्रवाई मे थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार, निरीक्षक आबिद अंसारी सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट,
उपनिरीक्षक दिनेश कुमरे, सहायक उपनिरीक्षक हुकुमचंद बिल्लोरे, प्रधान आरक्षक सुशील धुर्वे, आरक्षक विशाल चौरसिया, कमलेश डेहरिया, लक्ष्मीचंद, डुमलेश्वर, गोपाल पवार का विशेष योगदान रहा।





