खबरवाणी
एम्बुलेंस से कर रहे रहे गौवंश की तस्करी, पुलिस ने पकड़े 10 गौवंश
मुलताई। तस्करों द्वारा अब एम्बुलेंस से गौवंश तस्करी की जा रही है।बुधवार की अल सुबह मासोद चौकी पुलिस द्वारा मुलताई की ओर से महाराष्ट्र के कत्लखाने की ओर जा रही एंबुलेंस को पकड़कर तलाशी की गई तो एम्बुलेंस में क्रूरता पूर्वक 5 बैल,4 गाय एवं 1 बछिया क्रूरता पूर्वक बंधी हुई थी।पुलिस द्वारा गौवंश निकालकर बघोड़ा गौशाला पहुंचाया गया वहीं एंबुलेंस को जप्त कर मासोद चौकी में खड़ा किया गया। प्रधान आरक्षक बलराम सरियम ने बताया रात्रि कस्बा भ्रमण के दौरान बुधवार तड़के 3:30 बजे मुलताई की ओर से एक तेज गति से एंबुलेंस आते देखी गई उसे बिसनुर में गेहूबारसा जोड़ पर टार्च की रोशनी से रोकने का प्रयास किया लेकिन एंबुलेंस चालक तेज गति से गेहूंबारसा की ओर निकल गया जिसका पीछा करने पर रगड़गांव में संजू काकोडिया के घर के पास एंबुलेंस चालक एंबुलेंस छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।पुलिस द्वारा एंबुलेंस की तलाशी ली गई तो देखा कि अंदर क्रूरता पूर्वक 5 बैल, 4 गाय व 1 बछिया बंधी हुई थी। पुलिस द्वारा गौवंश सहित एंबुलेंस जप्त कर मासोद चौकी में खड़ी की गई है। वहीं गौवंश को बघोड़ा गौशाला भिजवाया गया है।
मासोद चौकी प्रभारी रणवीर सिंह राजपूत ने बताया इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। वाहन की जांच कर वाहन मालिक व वाहन चालक का पता लगाया जाएगा।





