खबरवाणी
सरकारी ड्यूटी की कीमत चुकानी पड़ी जान से: SIR कार्य से लौटते समय BLO शिक्षक की सड़क हादसे में मौत
आमला/लीलाझर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के शासकीय कार्य को पूर्ण कर लौट रहे शिक्षक ओमकार देशमुख (उम्र 59 वर्ष) की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मृत्यु हो गई। वे ग्राम लीलाझर में BLO (Booth Level Officer) के पद पर पदस्थ थे और निर्धारित सरकारी दायित्व का निर्वहन कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओमकार देशमुख शासकीय आदेश पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के सिलसिले में आमला गए थे। कार्य पूर्ण कर घर लौटते समय बीच मार्ग में यह भीषण हादसा हुआ। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि उन्हें बचाने का अवसर तक नहीं मिल सका।
कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और सरल स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले देशमुख के असामयिक निधन से विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
विद्यालय में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
दिवंगत शिक्षक की स्मृति में विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। बच्चों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नम आंखों से अपने प्रिय गुरु को अंतिम विदाई दी।
सहकर्मियों ने कहा कि ओमकार देशमुख हमेशा समय के पाबंद, जिम्मेदार और विद्यार्थियों के प्रति समर्पित रहे। उनका अचानक इस तरह चले जाना विद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
ग्रामीणों और शिक्षकों ने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय कार्यों में लगे कर्मचारियों की यात्रा सुरक्षा के लिए ठोस एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।





