PAN Card Loan Fraud: आज के डिजिटल दौर में पैन कार्ड हमारी सबसे जरूरी वित्तीय पहचान बन चुका है। बैंकिंग से लेकर टैक्स रिटर्न तक हर जगह PAN की जरूरत होती है। लेकिन जैसे-जैसे इसका इस्तेमाल बढ़ा है, वैसे-वैसे साइबर ठगी के मामले भी बढ़े हैं। कई बार ठग किसी के PAN कार्ड की मदद से उसके नाम पर फर्जी लोन या क्रेडिट कार्ड ले लेते हैं। ऐसे में आपकी क्रेडिट हिस्ट्री खराब हो सकती है और भविष्य में लोन लेना मुश्किल हो सकता है।
कैसे जानें कि आपके PAN कार्ड पर फर्जी लोन तो नहीं चल रहा?
अगर आपको शक है कि किसी ने आपके PAN कार्ड का गलत इस्तेमाल किया है, तो सबसे आसान तरीका है अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करना। भारत में तीन प्रमुख क्रेडिट ब्यूरो हैं — CIBIL, Experian और Equifax, जो आपकी वित्तीय गतिविधियों का पूरा रिकॉर्ड रखते हैं। इस रिपोर्ट में आपके नाम पर लिए गए लोन, क्रेडिट कार्ड और बैंक पूछताछ (inquiries) की पूरी जानकारी होती है।
क्रेडिट रिपोर्ट कैसे चेक करें?
आप अपनी फ्री क्रेडिट रिपोर्ट CIBIL, Experian या Equifax की वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए सिर्फ आपका PAN नंबर, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भरना होता है। रिपोर्ट में यह साफ दिख जाएगा कि आपके नाम पर कौन-कौन से लोन या क्रेडिट कार्ड एक्टिव हैं और किन संस्थानों ने आपके PAN का इस्तेमाल कर पूछताछ की है।
रिपोर्ट पढ़ते समय किन बातों पर दें ध्यान
RBI के अनुसार, अपनी क्रेडिट रिपोर्ट पढ़ते समय इन बातों की खास जांच करें —
- कोई ऐसा लोन या क्रेडिट कार्ड तो नहीं दिख रहा जो आपने कभी लिया ही नहीं।
- बैंक का नाम या अकाउंट नंबर गलत तो नहीं है।
- कोई अनजान “credit inquiry” तो नहीं की गई।
अगर ऐसा कुछ दिखे तो समझिए कि किसी ने आपके PAN कार्ड का दुरुपयोग किया है और तुरंत कार्रवाई जरूरी है।
अगर फर्जी लोन दिखे तो क्या करें?
- सबसे पहले बैंक या NBFC से संपर्क करें, जिसके नाम पर फर्जी लोन दिख रहा है, और उन्हें स्थिति बताएं।
- क्रेडिट ब्यूरो को शिकायत करें ताकि आपकी रिपोर्ट से वह फर्जी एंट्री हटाई जा सके। इसके लिए पहचान पत्र और एफिडेविट की जरूरत होगी।
- साइबर क्राइम सेल में एफआईआर दर्ज कराएं और सभी जरूरी दस्तावेज जैसे PAN कार्ड की कॉपी, शिकायत रसीद, ईमेल आदि को सुरक्षित रखें।
Read Also:Health Tips: सर्दियों में भूलकर भी न खाएं ये चीजें, नहीं तो जुकाम और खांसी पकड़ सकती है
PAN कार्ड को सुरक्षित रखने के उपाय
- कभी भी अपना PAN नंबर किसी वेबसाइट या अजनबी ऐप पर शेयर न करें।
- जब भी PAN कार्ड की फोटोकॉपी दें, उस पर “केवल वेरिफिकेशन के लिए” लिखकर साइन करें।
- बैंक अकाउंट और ऐप्स के पासवर्ड मजबूत रखें और SMS/Email अलर्ट हमेशा ऑन रखें ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत मिल सके।





