केंद्र सरकार ने ईंधन को लेकर बड़ा धांसू फैसला लिया है। 1 अप्रैल 2026 से पूरे देश में 20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल यानी E20 और न्यूनतम 95 RON वाला पेट्रोल अनिवार्य होगा। सरकार का कहना है कि इससे कच्चे तेल के आयात में कमी आएगी और प्रदूषण भी घटेगा। लेकिन आम गाड़ी चलाने वालों के मन में सवाल है – इसका असर हमारी बाइक और कार पर क्या पड़ेगा?
95 RON पेट्रोल क्या बला है, समझ लीजिए आसान भाषा में
95 RON का मतलब है 95 रिसर्च ऑक्टेन नंबर। जितना ज्यादा ऑक्टेन नंबर, उतना बढ़िया फ्यूल का जलना। आमतौर पर साधारण पेट्रोल का ऑक्टेन करीब 90 होता है, जबकि 95 RON को प्रीमियम पेट्रोल माना जाता है।
ऊंचे ऑक्टेन वाला पेट्रोल इंजन में नॉकिंग कम करता है। नॉकिंग मतलब इंजन में खट-खट या पिंग की आवाज, जो लंबे समय में इंजन की सेहत बिगाड़ सकती है। खासकर टर्बो या पावरफुल इंजन वाली गाड़ियों में 95 RON से स्मूद ड्राइव और बेहतर पिकअप मिलता है।
E20 पेट्रोल क्या है और क्यों हो रहा है अनिवार्य
E20 का मतलब है 20% एथेनॉल और 80% पेट्रोल का मिश्रण। एथेनॉल गन्ने, मक्के या अनाज से बनता है। सरकार का मकसद साफ है – विदेशी तेल पर निर्भरता कम करना और देसी खेती को बढ़ावा देना।
एथेनॉल मिलाने से गाड़ियों से निकलने वाला धुआं कुछ हद तक कम होता है, जिससे प्रदूषण घटाने में मदद मिलती है। यानी यह फैसला पर्यावरण और ऊर्जा बचत दोनों के लिए अहम कदम माना जा रहा है।
पुरानी गाड़ियों पर क्या पड़ेगा असर
ऑटो इंडस्ट्री के मुताबिक 2023-25 के बाद बनी ज्यादातर गाड़ियां E20 के हिसाब से डिजाइन की गई हैं। नई गाड़ियों को ज्यादा टेंशन लेने की जरूरत नहीं है।
लेकिन पुरानी बाइक और कार में 3 से 7 प्रतिशत तक माइलेज कम हो सकता है। कुछ मामलों में रबर या प्लास्टिक पार्ट्स पर असर पड़ने की आशंका भी रहती है। इसलिए पुरानी गाड़ी वालों को सर्विसिंग पर खास ध्यान देना होगा।
Read Also:ट्रेचिंग ग्राउंड रेमेडिएशन कार्य में अनियमितता पर कार्रवाई , सीएमओ और उपयंत्री निलंबित
ड्राइवरों के लिए जरूरी सलाह
अगर आपकी गाड़ी नई है और E20 कम्प्लायंट है तो ज्यादा फिक्र की बात नहीं। बस समय पर सर्विस कराते रहें।
पुरानी गाड़ी है तो मैकेनिक से चेकअप कराएं, फ्यूल पाइप और इंजन पार्ट्स की जांच करवाएं। सही मेंटेनेंस से आप किसी बड़े नुकसान से बच सकते हैं।
सरकार का यह कदम लंबी दौड़ का फैसला है। पर्यावरण और देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए यह जरूरी बताया जा रहा है, लेकिन समझदारी यही है कि गाड़ी मालिक पहले से तैयार रहें और अपनी गाड़ी की सेहत का पूरा ख्याल रखें।





